भोपाल

सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर कांग्रेस, अब घोषणा-पत्र पर कर रही फोकस

मध्यप्रदेश में गुटबाजी खत्म करने की कोशिश, सीएम का चेहरा तय

2 min read
Apr 17, 2022

भोपाल. कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव में हार से सबक लेते हुए पार्टी मध्यप्रदेश में फुलप्रूफ प्लान के तहत काम कर रही है। यहां कमलनाथ के नेतृत्व में ही विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा।

सीएम चेहरा तय होने के साथ ही इन्हीं की गाइडलाइन के तहत चुनावी रणनीति भी बन रही है। प्रयास है कि पार्टी के सभी दिग्गज नेता एक मंच पर आएं। यह दिखना भी जरूरी है। चुनाव में अधिक से अधिक सीटें दिलाने की जिम्मेदारी भी इन्हीं नेताओं की होगी। ये सभी भाजपा सरकार की कथनी और करनी को आमजन को बताएंगे।

केंद्रीय तैयारी और प्लान
- एक-एक बूथ पर पांच-पांच यूथ तैयार किए गए हैं।

- मंडलम-सेक्टर का गठन। जमीनी स्तर पर यह बड़ी ताकत होगी।

- चुनावी घोषणा-पत्र के लिए कमेटी का गठन हो चुका है।

- इकाइयों को सक्रिय किया जा रहा है। महंगाई, भ्रष्टाचार सहित अन्य मुद्दों पर आंदोलन की रणनीति।

- पार्टी के विधायक, जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को मैदान संभालने को कहा गया है।

- सरकार से खफा चल रहे विभिन्न वर्ग से संपर्क तेज , नाराजगी को वोटबैंक में बदलने की रणनीति।

केंद्रीय नेतृत्व की मध्यप्रदेश पर नजर है। शायद यही कारण है कि अध्यक्ष सोनिया गांधी यहां के नेताओं से मुलाकात कर रही हैं। पिछले दिनों अरुण यादव अजय सिंह मुलाकात कर चुके हैं। इन नेताओं का तालमेल नाथ के साथ नहीं था। इसके बाद अरुण ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के दौरे शुरू कर दिए हैं। अजय की सक्रियता भी बढ़ी है।

सॉफ्ट हिंदुत्व की राह पर
हनुमान जन्मोत्सव पर कांग्रेस हनुमान भक्ति में डूबी नजर आई। पार्टी का मुख्य कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के गृह शहर छिंदवाड़ा में हुआ। यहां 101 लेजर शो का आयोजन किया। बनारस से आई मंडली ने भगवान का अभिषेक किया। देशभर से आईं 21 कीर्तन मंडलियों ने 24 घंटे तक भजन कीर्तन किया। संदेश में कमलनाथ ने कहा, मेँ प्रार्थना करता हूं कि प्रदेश में सुख-शांति बनी रहे और सदा भगवान हनुमानजी का आशीर्वाद जनता को मिले। उधर मप्र कांग्रेस के ट्विटर हैंडल का कवर फोटो हनुमानजी की भक्ति करते हुए नाथ के चित्र से सज्जित दिखा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हर शहर और गांव में हनुमानजी का पूजन किया। भोपाल में विधायक पीसी शर्मा ने 1000 दीपकों के साथ आराधना की।

Published on:
17 Apr 2022 04:05 pm
Also Read
View All