राहुल की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किए जाने के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन, भोपाल में ट्रेन रोकी, मशाल जुलूस निकाला
भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (rahul gandhi) की लोकसभा (Loksabha) से सदस्यता (membership) समाप्त किए जाने पर पूरे तीखी प्रतिक्रिया हुई है। पूरे प्रदेश में कांग्रेसियाें ने विरोध प्रदर्शन किया। जगह-जगह भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतले जलाए, मशाल जलूस निकालें प्रदर्शन किए। भोपाल में युवा कांग्रेस ने रेल रोकी।
जहां प्रदेश भर में हुए विरोध प्रदर्शन में कांग्रेसजनों ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किए, वहीं राजधानी भोपाल के रानी कमलपति स्टेशन पर युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने सुपर फास्ट दक्षिण एक्सप्रेस ट्रेन रोककर विरोध किया। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के अध्यक्ष आशुतोष चौकसे के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से व्यापमं चौराहे तक मशाल जुलूस निकालकर विरोध जताया गया। वहीं इंदौर, देवास, सागर, विदिशा, ग्वालियर, जबलपुर, रायसेन, खंडवा, खरगोन, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना सहित सभी जिलों में भाजपा सरकार के खिलाफ विशाल प्रदर्शन, नारेबाजी और भाजपा नेताओं के पुतले दहन किये गये। भोपाल में आयोजित विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारीगण राजीव सिंह, केके मिश्रा, जितेन्द्र मिश्रा, विभा बिंदू डागौर, विक्की खोंगल, रवि वर्मा, आनंद जाट, कुंदन पंजाबी, फरहाना खान, विवेक त्रिपाठी, रवि परमार, यशवंत राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे। भोपाल में शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा और राजकुमार सिंह के नेतृत्व में भी प्रदर्शन किया गया।
मोदी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने अड़े कांग्रेसी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव मनोज शुक्ला, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेश मेहरा, नवीन शर्मा, दीपक दीवान ने राष्ट्रीय भाजपा नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर भोपाल के छोला थाने में प्रकरण दर्ज कराने पहुंचे। पीसीसी सचिव मनोज शुक्ला ने सबूत के तौर पर एक पेन ड्राइव पुलिस को शिकायती आवेदन के साथ देकर जांच की मांग की। प्रकरण दर्ज नहीं करने पर कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। आखिरकार पुलिस ने आवेदन लेकर उन्हें रवाना किया।