दिग्विजय ने मोदी को दी चुनौती, कहा- साहस है तो मेरे खिलाफ केस करें: अब पुलवामा को बताया दुखद दुर्घटना
भोपाल. मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर से ट्वीट कर केन्द्र सरकार पर हमला साधा है। इस बार उन्होंने पीएम मोदी को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि अगर आप में साहस है तो मेरे खिलाफ मुकदमा दायर करके दिखाइए। दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर से ट्वीट करते हुए कहा- मोदी जी आपने व आपके मंत्री गणों ने मुझ पर अनेक आरोप लगाए हैं आपके अनेक भाजपा नेता मुझ पर देशद्रोह का मुकदमा दायर करना चाहते हैं। मेरे जिस ट्वीट पर आप व आपके मंत्री गण मुझे पाकिस्तान समर्थक मानते हैं देशद्रोही मानते हैं वह मैंने दिल्ली से किया था जहॉं की पुलिस केंद्र सरकार के अन्तर्गत आती है। अगर आप में साहस है तो मेरे ऊपर मुकदमा दायर करें।
अब पुलवामा को बताया दुखद दुर्घटना
दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर पुलवामा को आंतकी घटना बतान के बजाए दुखद दुर्घटना बताया है। उन्होंने कहा- पुलवामा आतंकी हमला हमारे लिये, सभी देशवासियों और विशेष तौर पर उस में शहीद हुए बहादुरों के परिवारों के लिए तो दुखद दुर्घटना थी। जो उसे दुखद दुर्घटना ना मानें तो यह उनका विवेक है। आज तक मोदी जी ने पुलवामा के आतंकी हमले में सुरक्षा के फेल होने के बारे में क्या कार्यवाही की, कौन उसके लिए ज़िम्मेदार है देश को अवगत नहीं कराया। क्या इस विषय पर मोदी जी किसी को ज़िम्मेदार ठहराते हैं या नहीं? क्या एनएसए, आईबी चीफ और रॉ चीफ से आपने स्पष्टीकरण मांगा?
यूपी के डिप्टी सीएम पर भी साधा निशाना
दिग्विजय सिंह ने यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर हमला करते हुए कहा- पुलवामा आतंकी हमले को मैंने “दुर्घटना” कह दिया तो मोदी जी से ले कर 3 केंद्रीय मंत्री जी मुझे पाकिस्तान समर्थक बताने में जुट गये। उत्तर प्रदेश में भाजपा के उप मुख्य मंत्री जी केशव देव मौर्य जी का बयान कृपया सुनें। मोदी जी व उनके मंत्रीगण मौर्य जी के बारे में कुछ कहना चाहेंगे?
क्या कहा था दिग्विजय सिंह ने
मंगलवार को दिग्विजय सिंह ने पुलावामा आतंकी हमला को दुर्घटना बताते हुए कहा था- पुलवामा दुर्घटना के बाद हमारी वायु सेना द्वारा की गयी 'एयर स्ट्राइक' के बाद कुछ विदेशी मीडिया में संदेह पैदा किया जा रहा है जिससे हमारी भारत सरकार की विश्वसनीयता पर भी प्रश्न चिन्ह लग रहा है।
मोदी ने साधा था निशाना
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद पीएम मोदी ने धार में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि हमारे देश का दुर्भाग्य है कि यहां कुछ ऐसे लोग हैं, जिन्हें पुलवामा में हुआ आतंकी हमला एक दुर्घटना लगता है। ये वही महोदय हैं, जिनको ओसामा भी शांतिदूत लगता था और जिन्होंने 26/11 के आतंकी हमले में भी पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दी थी और जांच की दिशा को भटकाने का प्रयास किया था।