भोपाल

भोपाल में BJP ऑफिस के सामने बवाल, कांग्रेसियों ने फाड़ा दिग्विजय सिंह के खिलाफ लगा पोस्टर

Meenakshi Natarajan nomination: भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर के पास दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh ) पर तंज कस्ते हुए एक पोस्टर लगाया था। इस पोस्टर को लेकर रविवार को बवाल हो गया।

2 min read
Jun 14, 2026
digvijay singh supreme court comment bhopal bjp office poster torn off Meenakshi Natarajan nomination
Digvijay Singh Supreme Court Comment: भोपाल में BJP ऑफिस के सामने लगा पोस्टर कांग्रेसियों ने फाड़ा (फोटो सोर्स- Patrika)

Digvijay Singh Supreme Court Comment- कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन के नामांकन (Meenakshi Natarajan nomination) को लेकर भाजपा-कांग्रेस में छिड़ा विवाद कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मामले में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की सुप्रीम कोर्ट पर की गई टिप्पणी ने आग में घी डालने जैसा काम किया। इस पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भोपाल स्थित बीजेपी दफ्तर के पास दिग्विजय सिंह पर तंज कस्ते हुए एक पोस्टर लगाया था। इस पोस्टर को लेकर रविवार को बवाल हो गया। पूर्व सीएम और पार्टी के वरिष्ठ नेता पर निशाना साधने वाले पोस्टर को देखकर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए। कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा ऑफिस के पास पहुंचे और उन्होंने दिग्विजय सिंह पर तंज कसने वाले पोस्टर फाड़ दिए जिसका वीडियो भी सामने आया है।

पोस्टर में क्या था?

दरअसल, भोपाल बीजेपी ऑफिस के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने होर्डिंग लगाया जिसमें दिग्विजय सिंह का सुप्रीम कोर्ट पर बोला गया बयान लिखा हुआ था। पिछले दिनों मीनाक्षी नटराजन के नामांकन रद्द होने के मामले में दिग्विजय सिंह ने सुप्रीम कोर्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि 'यह जो सीट चोरी हुई है तो उसमें सभी शामिल है। ना केवल राज्य, केंद्र, चुनाव आयोग और मुझे कहना पड़ रहा है सुप्रीम कोर्ट भी। जब सुप्रीम कोर्ट को पता था कि चार बजे के बाद हमारी याचिका अप्रसांगिक हो जाएगी तो सुना क्यों नहीं। कल की तिथि क्यों लगाई। यह मिली-जुली चोरी है।' इस बयान पर भाजपा ने होर्डिंग लगाई थी जिसपर दिग्विजय सिंह पर आरोप लगाते हुआ लिखा था कि आपको चुनाव आयोग पर विश्वास नहीं, सरकारी एजेंसियों पर विश्वास नहीं और सुप्रीम कोर्ट पर भी विश्वास नहीं।' इस कांग्रेसियों ने इसका विरोध किया और पोस्टर फाड़ दिया। इसके बाद वह 'दिग्विजय सिंह जिंदाबाद' और 'पीसी शर्मा जिंदाबाद' के नारे लगाते हुए चले गए।

इंदौर के मेयर ने एसजी तुषार मेहता को लिखी चिट्ठी

पूर्व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह की सुप्रीम कोर्ट पर की गई टिप्पणी को लेकर इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव का बड़ा बयान सामने आया है। मेयर भार्गव ने दिग्विजय सिंह के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे न्यायपालिका की गरिमा के खिलाफ बताया। उन्होंने इस संबंध में भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता (SG Tushar Mehta) को पत्र भेजकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ अदालत की अवमानना का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। इस कदम का सीएम मोहन यादव ने भी स्वागत किया है।

Published on:
14 Jun 2026 07:22 pm