
भोपाल. महाराष्ट्र के सियासी घटनाक्रम पर मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने एक बड़ा बयान दिया है। दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए उसे पारस पत्थर बताया है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा- बीजेपी पारस पत्थर है उसके छूने से भ्रष्ट भी ईमानदार हो जाता है। वहीं, दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी और देश के गृहमंत्री अमित शाह पर भी बड़ा हमला बोला है। बता दें कि महाराष्ट्र में शनिवार को सियासी उलटफेर देखने को मिला। जब सुबह 8 बजे भाजपा के देवेन्द्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री और अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
मोदी-शाह का हथियार सीबीआई
अजीत पवार द्वारा भाजपा का समर्थन करने पर दिग्विजय सिंह ने कहा- अजीत पवार का NCP छोड़ भाजपा का पल्ला पकड़ने का कारण समझे? अमित शाह और मोदी के सबसे ताक़तवर हथियार ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स है। वहीं, दिग्विजय सिंह ने संघ पर हमला बोला है।
ऐसे होगा राष्ट्र का निर्माण
संघ प्रमुख मोहन बागवत पर हमला करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा है। महाराष्ट्र के घटनाक्रम पर मोहन भागवत जी की कोई टिप्पणी नहीं आई। देश उनसे जानना चाहता है कि जिन अजीत पवार को देवेन्द्र फडनविस जी ने जेल भेजने का जनता से वादा किया था अब उन्हें उप मुख्य मंत्री बनाया, क्या यह अनैतिक नहीं है? क्या इसी रास्ते से संघ राष्ट्र निर्माण करना चाहता है?
सीजेआई से भी किया था सवाल
इससे पहले दिग्विजय सिंह ने देश के सीजेआई पर भी सवाल उठाए थे। दिग्विजय ने ट्विट करते हुए कहा था- संयोग से माननीय CJI भी महाराष्ट्र के हैं। महाराष्ट्र के एडवोकेट जनरल रहे हैं, क्या उनके रहते हुए यदि उनके समक्ष सप्रीम कोर्ट में यह संविधान उल्लंघन का प्रकरण आता है तो क्या वे अपना संविधान की शपथ का धर्म निभाएंगे? मुझे विश्वास है वे निभाएंगे।
सरकार को बताया था असंवैधानिक
शनिवार को महाराष्ट में नाटकीय मोड़ देखने को मिला था। ऐसे में दिग्विजय सिंह ने कहा था कि महाराष्ट्र में जो हुआ वो असंवैधानिक है। भाजपा संविधान का मजाक बना रही है। भाजपा ने गोवा, मेघालय और अन्य राज्यों में भी ऐसा ही किया है।