
Bhopal Airport - भोपाल के राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट को 12 साल पूरे हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक सफर के उपलक्ष्य में कल यानि 15 जून को एयरपोर्ट पर 'यात्री सुविधा दिवस' मनाया जाएगा। राजा भोज एयरपोर्ट ने अब तक के सफर में कई उतार चढ़ाव देखे। एक समय ऐसा भी आया जब भोपाल से फ़्लाइट संख्या महज पांच विमानों तक पहुंच गई थी। आज की बात करें तो राजा भोज एयरपोर्ट से प्रतिदिन 32 फ़्लाइट संचालित हो रही हैं। यहां महीने में जहां कुछ हजार यात्री आते थे अब 1.5 लाख तक यात्री आ रहे हैं। खास बात यह है कि भोपाल से दुबई और जेद्दा के लिए कनेक्टिविटी जल्द शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। 1 जुलाई से यहां से नोएडा के लिए भी सीधी फ़्लाइट मिलने लगेगी।
मुंबई और दिल्ली तक सीमित उड़ानों से शुरुआत करने वाला भोपाल एयरपोर्ट अब देश के सभी बड़े शहरों से हवाई नक्शे पर जुड़ा हुआ है। इन शहरों के लिए डायरेक्ट और कनेक्टिंग फ़्लाइट के जरिए ये नेटवर्क तैयार किया गया है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार राजा भोज विमानतल से दुबई और जेद्दा जैसे शहरों के लिए कनेक्टिविटी शुरू करने के प्रयास रंग ला रहे हैं। 2026 के अंत तक भोपाल से इन शहरों के लिए फ़्लाइट शुरु हो सकती हैं।
भोपाल एयरपोर्ट पिछले 12 वर्षों (2014-2026) में यह एयरपोर्ट मध्य भारत का सुरक्षित एविएशन हब बनकर उभरा है। अक्टूबर 2024 से 24 घंटे सातों दिन संचालित इस हवाई अड्डे पर यात्रियों और उड़ानों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।
वर्ष 2014 की तुलना में भोपाल एयरपोर्ट पर सालाना यात्रियों की संख्या लगभग 4.16 लाख से चार गुना बढ़कर 15.81 लाख के पार पहुंच गई है। वहीं सालाना विमान संचालन भी 5300 से बढ़कर 14500 से अधिक हो गया है।
बड़ी सौगात के रूप में 1 जुलाई से नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेवर) के लिए भी सीधी फ़्लाइट शुरू होने जा रही है, जिसके बाद कुल शहरों की संख्या 9 हो जाएगी।
राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट के 12 साल
5 से बढ़कर 32 हुईं उड़ानें
एयरपोर्ट पर चार लाख थी यात्री संख्या
बढ़कर 15.81 लाख पार हुई
भोपाल से 24 घंटे सातों दिन फ़्लाइट
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (जेवर) के लिए फ़्लाइट
1 जुलाई से शुरु होगी सीधी