
MP BJP : बीजेपी में डिजिटल टीम को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व बेहद सख्त है। पार्टी आलाकमान के स्पष्ट निर्देश हैं कि उनके काम में युवाओं की सोच नजर आनी चाहिए। ऐसे में मध्यप्रदेश भाजपा के लिए भी चुनौती बढ़ गई है। राज्य में मीडिया प्रभारी की नियुक्ति की जानी है। इसको लेकर संगठन और सत्ता का मंथन चल रहा है। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सीएम मोहन यादव से मुलाकात की। आधिकारिक तौर पर इसे सेवा संकल्प अभियान से संबंधित बताया गया लेकिन कहा जा रहा है कि दोनों शीर्ष नेताओं ने प्रदेश में मीडिया प्रभारी की नियुक्ति के संबंध में गहन विचार विमर्श किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रदेश बीजेपी लगातार सक्रिय है। प्रदेश प्रभारी महेंद्रसिंह भी रोज गतिविधियों का जायजा ले रहे हैं। भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
प्रदेश भाजपाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वडनगर से वाराणसी जन सेवा यात्रा को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त प्रभारी मंत्री एवं जिला अध्यक्षों की बैठक कर यात्रा की आगामी रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष निशांत खरे, प्रदेश सरकार के मंत्री समेत भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के साथ ही राज्य में भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी के रिक्त पद पर भर्ती को लेकर मंथन का दौर भी जारी है। सोमवार देर शाम इसको लेकर सत्ता-संगठन के प्रमुखों के बीच चर्चा हुई। सीएम डॉ मोहन यादव से मुलाकात करने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सीएम हाउस पहुंचे थे। यहां दोनों के बीच आधे घंटे तक मंत्रणा चली।
सीएम मोहन यादव से इस मुलाकात की तस्वीर भी हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया में साझा की और इसे सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों से जोड़ा। हालांकि सियासी गलियारे में इसके कई मायने निकाले जा रहे है। माना जा रहा है कि प्रदेश मीडिया प्रभारी की नियुक्ति पर दोनों शीर्ष नेताओं ने गहन मंथन किया है।