भोपाल

कमजोर खंभों पर लगा दिए फुट ओवरब्रिज पर लगाने वाले डिस्प्ले बोर्ड, ढाई गुना बढ़ गया भार

बारिश में बनेगी मौत की गैंट्री
3 min read
• •
Updated: 3 May 2018, 8:38 AM IST
news
news

भोपाल. शहर में लोगों को रास्ता दिखाने वाले नेविगेशन डिवाइज यानी गैंट्री की स्थापना में ठेका कंपनी यूनिकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड ने तकनीकी पहलुओं को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। यही वजह है कि मंगलवार शाम चली आंधी में बाणगंगा की गैंट्री टूटकर गिर गई। पत्रिका ने जब इसकी पड़ताल की तो इनमें तकनीकी खामियों की तमाम कहानियां सामने आईं।

स्थिति ये हैं कि जिस वजन का विज्ञापन बोर्ड फुट ओवरब्रिज पर लगाने का नियम है, भोपाल में गैंट्री के कमजोर खंभों पर टांग दिया गया। मंगलवार को महज २० मिनट के लिए आंधी चली थी, बारिश के दौरान जब तेज हवा के साथ पानी की बौछारे भी लगेगी तो अन्य गैंट्रियों के भी जमीन पर गिरने और हादसे होने की आशंका बढ़ेगी। शहर में गैंट्री स्थापना का काम मंडीदीप स्थित यूनिकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड को दिया है। रोहित सिंह चौहान और गौरव कुलश्रेष्ठ इसके संचालक हैं।

एेसे समझे खंभों पर कितने वजनी डिस्प्लेबोर्ड
एक फुटओवरब्रिज का फाउंडेशन बनाने में करीब ३० लाख रुपए का खर्च आता है। इसपर ४०० वर्गफीट के बोर्ड को लगाने की अनुमति मिल जाती है। भोपाल में गैंट्री के फाउंडेशन का खर्च करीब ६ लाख रुपए बताया जा रहा है। फुटओवरब्रिज से पांच गुना कम खर्च है, बावजूद इसके यहां भी ४०० वर्गफीट के डिस्प्लेबोर्ड टांग दिए गए। जानकारों का कहना है कि क्षमता से ढाई गुना अधिक भार के बोर्ड तेज हवा में धराशायी होंगे ही।

इन स्टैंडर्ड का रखना था ध्यान

- इंडियन स्टैंण्डर्ड ८७५ के भाग तीन के अनुसार हवा का दबाव वहन क्षमता हो। इसके अनुसार गैंट्री में एयर पास होने की जगह नहीं रखी, जिससे आंधी के दौरान इनके गिरने की स्थिति बनती है।

- इंडियन स्टैंडर्ड १८९३-२००२ के तहत भूकंप रोधी प्रणाली का पालन करते हुए गैंट्री का फाउंडेशन जमीन के दस फीट गहराई तक बनना था। एेसा कुछ नहीं किया गया।

- इंडियन स्टैंडर्ड ८००:१९८४ स्टील स्ट्रक्चर डिजाइन की बात करता है। इसमें स्टील की मजबूती के मानक है, जिनका इसमें पालन नहीं किया गया।
- इंडियन स्टैंडर्ड २०६२:२००६ गैंट्री स्ट्रक्चर के जमीन की गहराई में बनाए जाने वाले बीम की बात करता है, इसमें उसका पालन नही किया।

गैंट्री में ये हैं गड़बडि़यां

- चौराहो पर कोई नेविगेशन गैंट्री नहीं होना चाहिए। ये चौराहे से कम से कम ५० मीटर पहले हो, लेकिन भोपाल में बोर्ड ऑफिस चौराहा पर ही चारों और गैंट्री है।
- गैंट्री का विज्ञापन डिस्प्ले नगर नगम के टेंडर में रोड के दायीं और आखिर में था, लेकिन बीच में डबल कैंटीलीवर (वह बोर्ड जिसपर विज्ञापन या फिर दिशा ***** शब्द लिखे जाते हैं) लगाकर इसे करीब ला दिया है।

- बीच में एक पोल पर दो केंटीलीवर नहीं लगाने थे। इसके लिए रोड किनारे कैंटीलीवर लगाने थे, इसमें एक ही पोल पर दो केंटीलीवर लगाकर खर्च बचाया गया।
- पूरी रोड पर बोर्ड लगाने की अनुमति देश में कहीं नहीं है, लेकिन भोपाल में एेसा किया गया है

- एक पोल पर १८० वर्गफीट आकार का बोर्ड का लोड लिया जा सकता है, लेकिन यहां ४०० वर्ग फीट से अधिक का लोड दिया गया है।
- ४०० वर्ग फीट लोड के लिए ३० लाख रुपए का फाउंडेशन बनता है फुट ओवरब्रिज का होता है, लेकिन यहां महज छह लाख रुपए का फाउंडेशन बनाकर ४०० वर्ग फीट का भार दे दिया गया।

- फाउंडेशन १० फीट गहरा होना चाहिए, लेकिन यहां की गैंट्री के लिए इसकी आधी खुदाई भी नहीं की है।

- कैंटीलीवर के वजन से दस गुना अधिक खंभे की स्ट्रेचिंग (मजबूती) होना चाहिए, लेकिन इन मानकों पर ध्यान नहीं दिया गया।
- इन गैंट्री में एयरपास करने के इंतजाम भी नहीं है

निगम को नहीं दिया अब तक मजबूती का प्रमाणपत्र

यूनिकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड ने शहर में स्थापित की करीब पौने दो सौ गैंट्री में एक में भी नगर निगम को स्ट्रक्चर सर्टिफिकेट नहीं दिया है। इस घटना के बाद कंपनी जल्द से जल्द ये सर्टिफिकेट देने की बात कह रही है। निगम ने

जारी किया नोटिस

निगमायुक्त प्रियंकादास का कहना है कि कंपनी को हमने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। हमने कंपनी ने गैंट्री के स्ट्रक्चर को लेकर सर्टिफिकेट भी मांगे है। जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे।

सीधी बात गौरव कुलश्रेष्ठ संचालक

सवाल- बाणगंगा गैंट्री कैसे गिर गई?

जवाब- बाणगंगा में गैंट्री स्ट्रक्चर अंडर इंस्टॉलेशन था। अभी पूरी तरह से कसा नहीं गया था। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इसके अंदरूनी केबल व हार्डवेयर में कुछ गड़बड़ी थी।
सवाल- एेसे तो शहर की अन्य गैंट्री भी दिक्कत देगी?

जवाब- नहीं, हम सार्वजनिक सुरक्षा का ध्यान रखते हैं। ये हमारी जिम्मेदारी है और स्थापना में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है। भविष्य में सुरक्षा के अधिक उपाय करेंगे।

कैंटीलीवर पर रखे सीमेंट के पैविंग ब्लॉक
बुधवार को शहर की सिंगल कैंटीलीवर के एक और सीमेंटेड ब्लॉक रख दिए गए हैं। एेसा लग रहा है कि कैंटीलीवर का संतुलन बनाने के लिए एेसा किया गया हो।

Published on: