भोपाल

पद्मावत के लिए मध्यप्रदेश में नहीं मिले वितरक, प्रदर्शन पर संशय

मध्यप्रदेश में पद्मावत के लिए कोई वितरक अभी सामने नहीं आया है।
2 min read
• •
Updated: 24 Jan 2018, 9:10 AM IST
Padmavat
Padmavat

भोपाल। मध्यप्रदेश में पद्मावत के लिए कोई वितरक अभी सामने नहीं आया है। भोपाल सिनेमागृह संघ के सचिव अजीजउद्दीन के मुताबिक संजय मरुधर अधिकांश फिल्मों के वितरक रहे हैं, लेकिन उन्होंने इस फिल्म का वितरण अपने हाथ में नहीं लिया। उधर, मल्टीप्लेक्स सिनेमाघरों में भी स्थिति स्पष्ट नहीं है, लेकिन कुछ में फिल्म गुरुवार सुबह 9 बजे से दिखाई जा सकती है। हर जिले में रहेगी कड़ी सुरक्षा आईजी (इंटेलीजेंस) मकरंद देउस्कर ने बताया कि फिल्म रिलीज को देखते हुए हर जिले में कड़ी सुरक्षा रहेगी। सभी जिलों के एसपी को सिनेमाघरों की पुख्ता सुरक्षा करने निर्देश दिए गए हैं। उधर, जबलपुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से कहा कि सरकार पद्मावत फिल्म पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अध्ययन करेगी। इसके बाद ही आगे निर्णय लेगी।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को सख्त लहजे में कहा है कि फिल्म पद्मावत तो सभी राज्यों में रिलीज होगी। अपने पहले के आदेश में हम कोई बदलाव नहीं करेंगे। इसके साथ ही कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक हटाने के खिलाफ दायर की गई मध्य प्रदेश , राजस्थान और करणी सेना की पुनर्विचार याचिकाएं खारिज कर दीं। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस एएम खानविलकर की पीठ ने कहा कि राज्यों ने बिना मतलब यह समस्या खुद पैदा की है। इसके लिए वही जिम्मेदार हैं। राज्यों की जिम्मेदारी है कि कानून-व्यवस्था बहाल करें और फिल्म व इसके कलाकारों और दर्शकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

सरकारों और लोगों को भी यह समझना होगा कि रिलीज के लिए सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिल चुका है और कोर्ट का आदेश भी है। पालन होना चाहिए। अगर आपको फिल्म पसंद नहीं है तो इसे मत देखें। बेंच ने इस संबंध में दाखिल करणी सेना और अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की अपील भी खारिज कर दी। गुरुवार को शीर्ष कोर्ट ने गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा में फिल्म की रिलीज न किए जाने के नोटिफिकेशन पर रोक लगा दी थी। सुप्रीम कोर्ट और सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद दीपिका पादुकोण , रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर फिल्म 'पद्मावत 25 जनवरी को सभी सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Published on: