
भोपालः अप्रैल का महीना शुरु ही हुआ है कि, गर्मी अपने चरम पर जा पहुंची है। राजधानी भोपाल में तापमान 40 डिग्री के पार जा पहुंचा है। ऐसे में गर्मी से राहत पाने के लिए लोग तरह तरह के तरीके आज़माते हैं। घर से बाहर निकलने पर धूप की तीव्रता से बचने के लिए लोग शरीर को ढंक लेते हैं, लेकिन इस दौरान पानी की पूर्ति करने के लिए लोग ड्रिंक्स भी पीते हैं। हालांकि, कई लोग कंपनियों द्वारा मार्केट में बेची जा रही ड्रिंक्स के मुकाबले नेचुरल ड्रिंक्स को पीना ज्यादा पसंद करते हैं। ऐसे कई लोग नींबू पानी का भी सेवन करते हैं। गर्मियों के दिनों में ये आसानी से किसी भी चौराहे नुक्कड़ पर मिल जाता है, तो घर में भी इसे बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है। गर्मियों में नींबू पानी के सेवन से शरीर में पानी की पूर्ति तो होती ही है, साथ ही इससे काफी तेज़ी से सूरज की तीव्रता से भी राहत मिलती है। नींबू पानी के सेवन से बॉडी में पोटैशियम, विटामिन सी व फाइबर की पूर्ति होती है। हालांकि, ये एक नेचुरल ड्रिंक है, लेकिन ज्यादा मात्रा में इसे पीने से स्वास्थ को काफी नुकसान भी पहुंच सकता है। आइये जानते हैं इससे होने वाले सेहत को नुकसान के बारे में...।
इस तरह होगा बॉडी को नुकसान
स्वास्थ विशेषज्ञों की माने तो नींबू पानी का ज्यादा सेवन बॉडी को नुकसान भी पहुंचा सकता है। क्योंकि, नींबू में एसिड भी पाया जाता है, जो खाने को पचाने में भी कारगर होता है। इसलिए जिन लोगों को एसिडिटी की समस्या रहती है, उन्हें नीबू पानी के ज्यादा सेवन से बचना चाहिए। नींबू पानी के जरिये शरीर में ज्यादा एसिड पहुंचने से शरीर को काफी नुकसान पहुंच सकता है।
पथरी की समस्या बढ़ाए
नींबू पानी भले ही गर्मी में हमें राहत देता है, लेकिन इसका ज्यादा सेवन किडनी या पित्त में पथरी की समस्या भी उत्पन्न कर सकता है। नींबू में एसिड होने के साथ-साथ ऑक्सलेट भी पाया जाता है। ऐसे में नींबू पानी का ज्यादा सेवन शरीर में मौजूद अयोग्य कणों को एकजुट करता है। जो किडनी या पित्त में इकट्ठा हो सकते हैं। वहीं नींबू पानी का कम सेवन इन्हें धीरे धीरे शरीर से बाहर करता है और हमारे शरीर को स्वच्छ रखता है।