भोपाल

चुनाव आयोग सख्त: चुनावी खर्च के ब्योरे में पानी, मट्ठा के खर्च का ले रही हिसाब

चुनाव आयोग सख्त: चुनावी खर्च के ब्योरे में पानी, मट्ठा के खर्च का ले रही हिसाब, दौड़ रहे दिग्विजय के वाहन, प्रज्ञा के कार्यालयों पर हुआ ज्यादा खर्च
2 min read
• •
May 05, 2019
election expenditure
election expenditure

भोपाल. लोकसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस की तरफ से चल रहे प्रचार में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह जनता से संपर्क बनाए रखने के लिए वाहनों से फर्राटा भर रहे हैं। उनके चुनावी खर्चे में साढ़े तीन लाख रुपए डीजल पर खर्च हुआ है। वे खुद तो गाडिय़ों से रोजना अलग-अलग सभा करते ही हैं, हर विस में उनके वाहन प्रचार कर रहे हैं।

इधर भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर के प्रचार में लगे वाहनों पर डेढ़ लाख का डीजल खर्चा हुआ। तीन कार्यालयों पर भी अच्छे खासे खर्च किए गए हैं। प्रज्ञा को पार्टी से प्रचार रथ भी मिला है, लेकिन उनके प्रचार पर तीन दिन का प्रतिबंध लगने के कारण उनके खर्चे में कमी आई है।

टेंट, कुर्सी, खाने, पीने का खर्चा बताना पड़ा

प्रत्याशियों की तरफ से प्रस्तुत किए गए चुनावी खर्च के ब्योरे में टेंट, कुर्सी, सुबह नाश्ते से लेकर दिन और रात के खाने का खर्चा भी जोड़ा गया है, लेकिन खर्चे में प्रत्याशी और प्रशासन की तरफ से गठित की गईं टीमों की तरफ से जोड़े खर्चे में अंतर की वजह से भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए गए हैं। रविवार को उन्हें जवाब प्रस्तुत करना है।

इस बार बिना अनुमति की पकड़ी गईं गाडिय़ों को थाने से छोडऩे पर प्रत्याशियों के खर्चे में जुर्माना नहीं जोड़ा गया, वर्ना ये जुर्माने से ही खर्चा काफी बढ़ जाता। रविवार को दोनों दल प्रचार के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं। इसमें एकदम से खर्च बढ़ेगा।

‘प्रज्ञा का नहीं, ये भाजपा का चुनाव है, शिकायत न मिले’

लोकसभा चुनाव में भोपाल से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के समर्थन में प्रचार नहीं करने पर संगठन ने एक बार फिर पार्टी के पार्षदों को समझाइश दी है। इस बार पार्षदों को समझाने के लिए दिल्ली से आए राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल ने बैठक ली।

रामलाल ने कहा कि ये चुनाव प्रज्ञा सिंह ठाकुर का नहीं भाजपा का है। आप सभी ये मानकर चलें कि भाजपा ही यहां कांग्रेस से मुकाबला कर रही है, इसलिए संगठन की मदद करें। मतभेद को चुनाव प्रचार प्रभावित करने की वजह नहीं बनने दें।

संगठन अनुशासन का प्रतीक है और इसी से हमें सफलता मिलेगी। मैं दोबारा आऊंगा, लेकिन शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। पार्षद दल की बैठक में महापौर आलोक शर्मा, सुरजीत सिंह चौहान सहित रविंद्र यति व अन्य पार्षद मौजूद रहे।

Updated on:
05 May 2019 11:15 am
Published on:
05 May 2019 11:15 am