
भोपाल. लोकायुक्त कार्यालय में काम करने वाले कर्मचारी रामचंद्र मकोड़े ने शुक्रवार को केबिन में फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उन्हें फंदे पर लटकने के बाद ऑफिस में काम करने वाले बाकी कर्मचारियों ने समय रहते देख लिया और सांसे रुकने के पहले ही रस्सी काट कर नीचे उतार लिया गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों और कोहेफिजा पुलिस को दी गई।
रामचंद्र मकोड़े उप लोकायुक्त जस्टिस एसके पालो के पर्सनल असिस्टेंट है। मकोड़े रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर आए थे और अपने केबिन में जाकर बैठ गए थे। आत्महत्या करने के लिए मकोड़े ने केबिन में लगे सीलिंग फैन में रस्सी का फंदा बनाकर टांग दिया था। थोड़ी ही देर बाद उनके केबिन में ऑफिस में काम करने वाला चपरासी चाय लेकर पहुंचा तो उसने मकोड़े को लटका हुआ देखा। चपरासी ने चीख-पुकार मचाकर बाकी कर्मचारियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद टेबल कुर्सी पर चढ़कर साथी कर्मचारियों ने मकोड़े को समय रहते नीचे उतार लिया। फंदे से नीचे उतारने के बाद मकोड़े को तत्काल हमीदिया अस्पताल चिकित्सकीय लाभ के लिए भेजा गया, वहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में मकोड़े ने ये कदम उठाया।