
भोपाल-इंदौर के बीच बनेगी 12 लेन चौड़ी रोड - फोटो सोर्स : X @mismprdc
VIP Road Bhopal : भोपाल से इंदौर जाने वालों को अब जीरो-ट्रैफिक रूट मिलेगा। इसके अंतर्गत वीआइपी रोड को 12-लेन का बनाया जाएगा। रेतघाट से संतनगर का सफर सिग्नल-फ्री होगा। इसके लिए संशोधन प्रस्ताव भेज दिया गया है। सितंबर में केंद्रीय समिति की बैठक में इसे मंजूरी मिलेगी, जिसके बाद काम तेज हो जाएगा। नए प्रस्ताव में अलग से आठ लेन रोड बनाने की बात है। मौजूदा चार लेन से जुड़कर बनेगी, लेकिन एक अलग कॉरिडोर होगा।
अगले 40 साल में शहर की जरूरत और संतनगर की तरह हो रहे विकास को देखते हुए इसे तय किया
वीआइपी रोड अब 12 लेन चौड़ी रोड होगी। इसके लिए एमपीआरडीसी ने केंद्र के कहने पर संशोधित प्रस्ताव भेज दिया है। एमपीआरडीसी के इंजीनियर्स के अनुसार अगले 40 साल में शहर की जरूरत और संतनगर की तरह हो रहे विकास को देखते हुए इसे तय किया गया है।
प्रोजेक्ट के अनुसार रेतघाट से रोड शुरू होगी, जो खानूगांव तक आठ लेन के स्वरूप में पहुंचेगी। इससे खानूगांव रोड के बीच में आ जाएगा। यहां से इसे मौजूदा वीआइपी रोड से जोड़ेंगे। अभी की चार लेन रोड में दो लेन अतिरिक्त चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। ये लालघाटी से संतनगर की ओर लाऊखेड़ी से शुरू हो रहे एलिवेटेड लेन से बिल्कुल पहले तक होगी। यानी एक बार इस नई आठ लेन रोड पर लगने के बाद गाड़ी सीधे संतनगर को पार कर देगी।
प्रोजेक्ट में अतिरिक्त चार लेन के लिए केंद्रीय वेटलैंड अथॉरिटी की अनुमति का मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। सितंबर में इसपर अंतिम निर्णय होगा। अभी प्रोजेक्ट का फोकस एरिया रेतघाट से खानूगांव कर दिया है। इसके बाद मौजूदा रोड के चौड़ीकरण की बात है। खानूगांव तक राजाभोज की प्रतिमा और बुर्ज है, ऐसे में एलिवेटेड रोड इससे हटाकर बनाई जाएगी।
एमपीआरडीसी के चीफ इंजीनियर एमएस रिजवी बताते हैं कि वीआइपी रोड प्रोजेक्ट के तहत हमने 21 जुलाई को केंद्र को प्रस्ताव भेज दिया है। समिति की बैठक में इसे मंजूरी मिलते ही काम को बढ़ा दिया जाएगा। डीपीआर के लिए एजेंसी तय करेंगे।
बता दें कि प्रदेश सरकार सड़कों के विस्तार पर ध्यान दे रही है। हाल ही में हुई कैबिनेट की बैठक में भी प्रदेश की 34 सड़कों के विस्तार को मंजूरी दी गई है। इसके अंतर्गत रोडों पर नए पुल-पुलिया, बायपास और ओवरब्रिज भी बनेंगे।
Updated on:
27 Aug 2026 12:32 pm
Published on:
27 Aug 2026 12:29 pm
