
कुलदेवी का अनुष्ठान कराता था ठग समीर अग्रवाल- फोटो सोर्स : AI Grok
Sameer Agrawal : निवेशकों के अरबों रुपए लूटनेवाला सागा ग्रुप का सीएमडी समीर अग्रवाल फरार चल रहा है। जांच एजेंसियों के अनुसार वह 2 साल से दुबई में रह रहा है। प्रदेश की पुलिस और अन्य एजेंसियां अब उसपर शिकंजा कस रहीं हैं। समीर अग्रवाल के प्रत्यर्पण की कोशिश भी की जा रही है। वह मूलत: एमपी के मुरैना के एक छोटे से गांव का रहनेवाला है। गांव के लोग बताते हैं कि समीर अग्रवाल बचपन से ही बेहद महत्वाकांक्षी था। बेशुमार दौलत कमाने के लिए वह हर साल नवरात्रि पर अनुष्ठान भी करता था। समीर अग्रवाल इसमें कामयाब भी हुआ पर राह गलत चुनी। अब देश के 16 राज्यों की पुलिस उसकी पीछे लगी है।
सागा समूह ने विभिन्न राज्यों में विस्तार किया, समीर अग्रवाल ने अनेक शेल कंपनियों का जाल बिछाया। एमपी में उसने 'लस्टिनेस जनहित मल्टीस्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसायटी' (एलजेसीसी) नामक डमी फर्म बनाकर निवेशकों को फंसाया। निवेश के नाम पर कई गुना रिटर्न का झांसा देकर लाखों लोगों की गाढ़ी कमाई लूट ली। आरोप है कि समीर अग्रवाल ने करीब 9 अरब रुपए का घोटाला किया है।
खास बात यह है कि कंपनी ने ऊंचे रिटर्न का लालच देकर लोगों से भारी निवेश कराया। 3 साल में पैसा दोगुना करने का वादा किया और कई निवेशकों को कार तोहफे के रूप में दी। ठगी के पैसों के बलबूते कंपनी ने लंदन में भी ऑफिस खोल लिया था।
समीर अग्रवाल मूलत: मध्यप्रदेश के चंबल इलाके का रहनेवाला है। वह मुरैना जिले के टैंटरा गांव का था। उसके पिता राजेंद्र अग्रवाल पहले इंदौर गए और फिर विभिन्न शहरों में रहते हुए मुंबई चले गए थे।
हालांकि परिवार ने मुरैना से संबंध नहीं तोडा। समीर अग्रवाल अपनी कुलदेवी का भक्त था और उनकी पूजा करने पुश्तेनी टैंटरा गांव जरूर आता था। गांव का झारवाली माता मंदिर उनकी कुलदेवी का स्थान है। समीर अग्रवाल यहां हर साल नवरात्रि में अनुष्ठान कराता था। माता पिता सहित पूरा परिवार 3 दिनों तक कुलदेवी की पूजा-अर्चना करता था। करीब 5 साल पहले कोरोना काल में समीर अग्रवाल के पिता की मौत हो गई। इसके बाद मां यहां पूजा पाठ करने आती हैं।
समीर अग्रवाल ने नेटवर्किंग मार्केटिंग की पढ़ाई की थी। करीब 15 साल पहले वह एक कंपनी से जुड़ गया। बाद में सागा ग्रुप के माध्यम से काली कमाई करने लगा। समीर अग्रवाल के खिलाफ क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट ने शिकंजा कस दिया है। इधर ED के अनुसार SAGA ग्रुप का सीएमडी बिजनेसमेन समीर अग्रवाल देश छोड़कर भाग चुका है। वह अभी दुबई में है।
Updated on:
27 Aug 2026 11:17 am
Published on:
27 Aug 2026 11:15 am
