भोपाल

बड़ा बदलाव: ‘वैध’ एवं ‘अवैध कॉलोनी’ की जिम्मेदारी संभालेंगे इंजीनियर्स

MP News: शहर में वैध एवं अवैध कॉलोनी की निगरानी की जिम्मेदारी सब इंजीनियर्स को सौंपी गई है।
less than 1 minute read
Sep 24, 2025
फोटो सोर्स: पत्रिका

MP News: नगर निगम बिल्डिंग परमिशन सेल में एक साल के अंदर पांचवीं बार बड़ा बदलाव किया है। निगम प्रबंधन ने आदेश जारी कर सभी सहायक यांत्रियों को बिल्डिंग परमिशन की कॉलोनी सेल से बाहर कर दिया है। अब शहर में वैध एवं अवैध कॉलोनी की निगरानी की जिम्मेदारी सब इंजीनियर्स को सौंपी गई है।

इससे पहले पूर्व निगम आयुक्त वीएस कोलसानी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा अवैध कॉलोनी की रोकथाम के निर्देश के बाद सहायक यांत्रियों को इस काम पर लगाया था। पुरानी व्यवस्था में सहायक यंत्री शहर के 21 जोन के अंतर्गत नए कंस्ट्रक्शन मंजूरी, भौतिक सत्यापन सहित वैध एवं अवैध कॉलोनी प्रकरण में नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते थे।

ये है नई व्यवस्था

नई व्यवस्था में कार्यपालन यंत्री नंदकिशोर डेहरिया को कॉलोनी सेल का प्रमुख अधिकारी बनाया गया है। सभी सब इंजीनियर शहर में मौजूद 2000 वैध एवं अवैध कॉलोनी के चल रहे जांच प्रकरण अब सीधे कार्यपालन यंत्री के सामने प्रस्तुत करेंगे। सहायक यांत्रियों से काम छीनने का विरोध भी शुरू हो गया है।

दानिश कुंज में निजी स्कूल, विद्यानगर शॉपिंग मॉल, खानू गांव में विधायक के कंस्ट्रक्शन मंजूरी के मामले में बिल्डिंग परमिशन सेल पिछले 6 महीने से विवादों में बनी हुई है। चीफ सिटी प्लानर अनूप गोयल लंबी छुट्टी पर हैं। इंजीनियर लालजी चौहान, राजाराम अहिरवार, महेश सिरोहिया, नंदकिशोर डेहरिया को सेल से हटाया जा चुका है।

Published on:
24 Sept 2025 11:43 am