भोपाल

सागर हादसा : मौतों पर कई रसूखदार फंसे, सीएम मोहन यादव ने कहा-कड़ी कार्रवाई करेंगे

Sagar FIR : प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित, एमपी में शराब पीनेवालों को करानी होगी स्क्रीनिंग
2 min read
Sep 06, 2026
सीएम मोहन यादव की सख्ती पर सागर आबकारी उपायुक्त को हटाया
- सीएम मोहन यादव (फोटो-एएनआई)

Sagar : एमपी के सागर में मिलावटी शराब से मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक 14 लोगों की मौतों की सूचना है। कई प्रभावित अस्पताल में भर्ती ​हैं जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। ऐसे में मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है। सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अस्पताल पहुंचकर प्रभावितों का हाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस बीच मिलावटी शराब मामले में कई प्रतिष्ठित लोगों के शामिल होने की आशंका है। हालांकि सीएम मोहन यादव ने मामले में कड़ी कार्रवाई की बात कही है। सागर में शराब पीनेवालों की स्क्रीनिंग भी कराने की अपील की जा रही है।

सागर में हुए शराब कांड पर बीजेपी सरकार पर विपक्षी हमलावर हैं। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में सरकार के संरक्षण में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है।

सरकार के संरक्षण में चल रहे अवैध शराब कारोबार का परिणाम

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने सागर जिले के बंडा ब्लॉक में शराब कांड में बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि गूगरा खुर्द, नौराज़, बैराज सहित अन्य गांवों में जहरीली शराब ने एक दर्जन से ज्यादा लोगों की जान ले ली है और 35 से अधिक लोग अस्पताल में जिंदगी-मौत से जूझ रहे हैं। यह सरकार के संरक्षण में चल रहे अवैध शराब कारोबार का परिणाम है।

अरुण यादव ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि जो भी इस मामले के जिम्मेदार हैं, उनपर कठोर कार्यवाही होना चाहिए।

जीतू पटवारी ने कहा- मैंने सागर में अवैध शराब को सरकारी संरक्षण पर सवाल उठाए थे

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मैंने पहले भी सागर में अवैध शराब बिक्री को सरकारी संरक्षण पर सवाल उठाए थे। उन्होंने इस नेटवर्क पर ठोस कार्रवाई की मांग की।

प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित

अभी तक की जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि सागर में यूपी का रैकेट मिलावटी शराब की सप्लाई कर रहा था। सीएम मोहन यादव ने सागर जिले के प्रभारी मंत्री को तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा है। प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में जांच कमेटी भी गठित कर दी गई है।

Updated on:
06 Sept 2026 02:46 pm
Published on:
06 Sept 2026 12:54 pm