मंत्री से पहले जबरन पार्क का उद्घाटन करने का मामला,पार्क के श्रेय को लेकर मंत्री और विधायक आमने-सामने...
भोपाल। राजधानी में मंत्री के कार्यक्रम से दो दिन पहले विवेकानंद थीम पार्क का जबरन उद्घाटन करने पर नरेला से भाजपा विधायक विश्वास सारंग के खिलाफ सोमवार को पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।
इस पार्क का उद्घाटन कांग्रेस सरकार के जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा को मंगलवार को करना था, लेकिन इससे पहले ही सारंग ने अशोका गार्डन के परिहार चौराहा क्षेत्र में अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर उद्घाटन कर दिया। राजधानी परियोजना प्रशासन ने सारंग के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने की एफआइआर दर्ज कराई है। अशोका गार्डन थाना ने सारंग के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया है।
बताया जाता है कि पार्क का निर्माण 2018 में भाजपा शासन में हुआ था। इस पर 1 करोड़ 31 लाख 32 हजार रुपए खर्च हुए। हालांकि विधायक निधि से इसमें कोई राशि व्यय नहीं हुई, लेकिन सारंग इसका श्रेय खुद लेना चाहते थे। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद पार्क का उद्घाटन मंत्री पीसी शर्मा से कराना तय हुआ।
सारंग समर्थकों ने गेट पर ठोका ताला, बाउंड्री फांदकर निकले काम करने वाले
उद्घाटन के बाद सारंग समर्थकों ने सोमवार को विवेकानंद थीम पार्क में गेट पर ताला लगा दिया।
इसके विधिवत उद्घाटन की तैयारियों के लिए फव्वारे, बिजली, पंप और पानी की व्यवस्था के लिए चार लोग काम कर रहे थे। इन्हें भी अंदर बंद कर दिया गया। काम खत्म होने के बाद उन लोगों ने वहां तैनात माली को ताला खोलने के लिए फोन किया, लेकिन उसने असमर्थता जताई। जब दोपहर तक ताला नहीं खुला तो चारों बाउंड्री फांदकर बाहर निकले।
सारंग कर रहे मनमानी
विश्वास सारंग इस बात पर अड़े थे कि उदघाटन में कांग्रेसी को नहीं बुलाया जाए। हम क्षेत्रीय विधायक होने के नाते उन्हें निमंत्रण देकर बुला रहे थे। सारंग पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। अब उदघाटन कब होगा, यह अभी तय नहीं है।
- पीसी शर्मा, जनसंपर्क मंत्री
इधर, कांग्रेसी पहुंचे सारंग के शोरूम का घेराव करने...
पार्क विवाद के बाद महेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेसी लिंक रोड-1 पर सारंग के विवादित भवन का घेराव करने पहुंचे। यहां एक कार कंपनी का शोरूम संचालित है। यहीं उनका कार्यालय भी चलता है।
कांग्रेस ने इसके निर्माण, आधिपत्य और आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर कई सवाल उठाकर सरकार से जांच की मांग की है। कांग्रेस का आरोप है कि भवन निर्माण की न तो अनुमति है और न ही कब्जे संबंधी दस्तावेज। भाजपा शासन में सारंग मंत्री पद का दुरुपयोग कर इस मामले को दबाते रहे हैं।
मैंने क्या गलत किया
कांग्रेस गुंडागर्दी पर उतर आई है। मैं विकास कर रहा हूं तो मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज हो रही है। मैंने पार्क विकसित किया है और इसेे जनता के हवाले कर दिया तो इसमें कौन सा गलत हो गया। मंत्री पीसी शर्मा मुझे धमका रहे हैं।
- विश्वास सारंग, विधायक नरेला
तोडफ़ोड़ का केस दर्ज
शासकीय भूमि पर आधिपत्य जमाने और तोडफ़ोड़ करने पर राजधानी परियोजना प्रशासन ने एक शिकायती आवेदन दिया है। इसके आधार पर पूर्व मंत्री विश्वास सारंग और उनके सर्मथकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
- संपत उपाध्याय, एसपी