भोपाल

VIDEO : राजधानी के ATM से पांच लाख से अधिक की चोरी,पुलिस सकते में…

घटनास्थल थाने से महज 250 मीटर दूर...
2 min read
• •
Updated: 1 Aug 2018, 1:23 PM IST
ATM Parts
सुबह 6.30 बजे न्यायाधीश पहुंचे चौराहे पर, वाहन चालकों में हड़कम्प

भोपाल@मुद्दीसर खान की रिपोर्ट...

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बार फिर पुलिस की साख संदेह में आ गई है। दरअसल कुछ समय शांत रहने के बाद चोरों ने एक बार फिर एटीएम पर हाथ साफ करना शुरू कर दिया है। इसके चलते राजधानी के खजुरी सड़क स्थित यूनियन बैंक के एटीएम से चोर पांच लाख से अधिक रुपए ले उड़े। जबकि यह एटीएम खजुरी सड़क थाने से महज 250 मीटर की दूरी पर है।

वहीं चोरों की इस हरकत के बाद पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं। दरअसल एक माह पहले ही यहां से कैमरा चोरी हो गया था, जिसके बाद अब इस वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि इस एटीएम पर कोई सुरक्षा कर्मी भी तैनात नहीं था। वहीं पुलिस पर उठने वाले सवालों के चलते पुलिस सकते में आ गई है।

ऐसे काटा एटीएम...
पुलिस के मुताबिक चोरों द्वारा चोरी के लिए गैस कटर का उपयोग किया गया। जिसके चलते एटीएम को कई तरह से काटने के बाद चोर यहां से पैसे ले जाने में सफल हो सके।

पुलिस पर संदेह की सूई...
वहीं जानकारों की माने तो एटीएम इतने कमजोर नहीं होते की उन्हें आसानी से तोड़ या काट लिया जाए। ऐसे में पुलिस की रात्रि गश्त से लेकर कई मामलों में पुलिस पर आरोप लगने शुरू हो गए है। बैंक से रिटायर्ड हुए ओपी गुप्ता के अनुसार पहला तो एटीएम इतनी आसानी से कटता ही नहीं है। यदि गैस कटर का भी उपयोग किया गया है।

तो भी तकरीबन 2 से 3 घंटे तो इस वारदात को अंजाम देने में लगे ही होंगे। ऐसे में यदि रात में कोई गैस कटर से यह वारदात कर रहा है, तो उस समय पुलिस कहां थी यानि रात्रि गश्त में उन्हें ऐसा क्यों नहीं दिखा।

दूसरा मुख्य सवाल ये भी खड़ा हो रहा है कि जब कुछ समय पहले ही यहां से कैमरा चुराया गया था और ये पुलिस की जानकारी में भी था कि ये एटीएम चोरों के लिए सॉफ्ट टार्गेट है तो इसकी सुरक्षा के उपाय क्यों नहीं किए गए।

वहीं ये बात भी सामने आ रही है कि इस एटीएम से कैमरा चोरी होने की खबरें भी अखबारों में प्रदर्शित होने के बाद पुलिस ने इसके डीवीआर को भी ढ़ूंढ़ा, इसके बावजूद ओर ध्यान क्यों नहीं दिया कि ये एटीएम चोरों के निशाने पर है।

तोड़फोड़ कर फेंका ATM...
घटना स्थल पर एटीएम के कई टूकडें पड़े हुए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि पहले चोरों ने इसे तोड़ने की कोशिश की फिर गैस कटर से इसे काटा और पैसा निकालने के बाद इसके टूकड़ों को फैंक दिया।

Updated on:
1 Aug 2018, 1:23 PM IST
Published on: