26 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा, अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश के आसार
भोपाल. इन दिनों मौसम की रंगत पूरी तरह से बदली हुई है। पिछले एक सप्ताह से शहर में दिन में लोगों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन इन दिनों हवा का रूख उत्तर पश्चिमी हो गया है। आम दिनों के मुकाबले हवा भी तेज है। ऐसे में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 3 डिग्री से अधिक की गिरावट हो गई, वहीं न्यूनतम तापमान भी 1 डिग्री गिर गया। ऐसे में लोगों को फिर से हल्की ठंडक का अहसास होने लगा है।
पश्चिमी विक्षोभ से हो रहा बदलाव
शहर में इस बार फरवरी माह में लगातार उतार चढ़ाव भरा रूख रहा। तापमान सामान्य से अधिक रहे, इसके कारण फरवरी में ज्यादा सर्दी महसूस नहीं हुई। इसका कारण यह रहा कि फरवरी में लगातार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव रहा, जिसके कारण उत्तरी सर्द हवा लगातार नहीं आ पाई। फरवरी में अब तक पांच पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं, पांचवा अभी सक्रिय है, जबकि 24 फरवरी से छठवां विक्षोभ भी आने की संभावना है। ऐसे में दो तीन दिनों बाद फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। इसके असर के कारण 25-26 से बौछारे पडऩे की संभावना भी मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है।
दिनभर तेज हवा चली
राजधानी में सुबह तेज हवाएं चल रही थी। इस दौरान सुबह 11 बजे के आसपास हवा की अधिकतम रफ्तार 26 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। इसी प्रकार दिन में अधिकांश समय हवा की गति 16 से 18 किमी प्रति घंटा रही। गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.7 व न्यूनतम 14.6 डिग्री रहा।
दो दिन गिरावट का दौर, फिर बढ़ोतरी
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला का कहना है कि फिलहाल दो दिन तापमान में हल्की गिरावट का दौर जारी रहेगा। ऐसे में हल्की ठंडक बनी रहेगी। मौसम फिलहाल इसी तरह रहेगा। 24 को पश्चिमी विक्षोभ के चलते तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है, साथ ही 26 के आसपास बौछारे आदि की भी संभावना है।