
MP Weather Update : मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। खरगोन, बुरहानपुर जिलों में बीते 24 घंटे में हुई भारी बारिश से नदी - नाले उफान पर हैं। खंडवा, बड़वानी जिलों में भी लगभग यही हाल हैं। हालांकि, मध्य प्रदेश अब भी पीछे चल रहा है। यहां सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश हुई है। ऐसे में अब सावन मास से उम्मीद है। वहीं, राजधानी भोपाल में स्थित राज्य मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 43 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें मुख्य रूप से प्रदेश के बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम में भारी बारिश का अलर्ट है।
उधर, आलीराजपुर की स्थिति सुधरी तो अब प्रदेश में रीवा ऐसा जिला बन गया है, जहां सबसे कम बारिश दर्ज हुई है। सीजन में सामान्य से 63 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। यहां अब तक 452.5 मि.मी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 169.5 मि.मी ही हुई है। आलीराजपुर में अंतर कम होकर 41 फीसद रह गया है।
बीते 24 घंटों के दौरान रिकॉर्ड तोड़ साढ़े सात इंच पानी बरसा है। लगातार बारिश के बाद से ताप्ती नदी उफान पर है। लाल देव मंदिर जलमग्न हो गया है। नदी का सामान्य जलस्तर 213 मीटर और बढ़कर खतरे के निशान 218 मीटर है। जलस्तर इससे ऊपर 220.800 मीटर पर पहुंच गया है। जैनाबाद - राजघाट पुल को सुरक्षा के मद्देनजर बंद किया गया है। निचले क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। घाटों पर एनडीआरएफ, पुलिस जवान तैनात कर दी गई हैं।
खरगोन में नर्मदा का जलस्तर 128.90 मीटर दर्ज किया गया। खलबुजुर्ग स्थित संजय सेतु से नदी का तेज बहाव और बढ़ा हुआ जलस्तर लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। उधर, भगवानपुरा अंचल में दो दिन से बारिश के बीच सिरवेल महादेव झरना रौद्र रूप में नजर आया। महादेव दर्शन पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। नर्मदापुरम में नर्मदा का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। सेठानी घाट पर शुक्रवार को जलस्तर 939.30 फीट था। बारिश से जलस्तर 941.10 फीट पर पहुंच गया है। ये लगातार बढ़ता जा रहा है। खतरे का जलस्तर 967 फीट है। सिवनी जिले के भीमगढ़ बांध के दो गेट शुक्रवार सुबह 11.30 बजे खोले गए। इससे वैनगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना है।
वहीं, बलवाड़ी के सेंधवा से धवली रोड को जोड़ने वाली पुरानी पुलिया को अरुणावती नदी में आई बाढ़ की वजह से नुकसान पहुंचा है। आवाजाही रोक दी गई है। हालांकि यहां नई पुलिया से आवागमन सुचारु रूप से जारी रहा। बलवाड़ी के कुछ मकानों में पानी घुसने से सामान भीग गया।
इसके अलावा, खंडवा जिले के जावर थाना इलाके के हांडीकुंड में सुक्ता - आबना नदी के बीच टापू पर फंसे 4 युवकों को एसडीईआरएफ ने करीब 10 घंटे रेस्क्यू अभियान के बाद शुक्रवार सकुशल निकाल लिया है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे से यहां चारों युवक फंसे हुए थे।