
Bhopal Retired IAS murder case: आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार ने वारदात के बाद ग्वालियर में एक्सचेंज कराए थे 13 हजार डॉलर (फोटो सोर्स- Patrika)
Bhopal Retired IAS murder case: भोपाल में रिटायर्ड आइएएस अफसर राकेश अग्रवाल हत्याकांड (Retired IAS Rakesh Agarwal Murder Case) के आरोप में गिरफ्तार वरुण कुमार पुलिस की सोच और पड़ताल से कहीं अधिक शातिर निकला। 30 सितंबर की घटना के बाद से ही पुलिस उसके लोकेशन को ट्रैक करने, सीसीटीवी फुटेज से लोकेट करने सहित तमाम तरह के डंके पीटती रही और आरोपी ग्वालियर गया और अग्रवाल के घर से लूटे गए 13 हजार डॉलर को भारतीय नोट में एक्सचेंज कराए थे। वह लूट और चोरी के इरादे से ही बुजुर्ग या रिटायर्ड लोगों के घर पर केयर टेकर के तौर पर सेवा देने के लिए चुनाव करता था। यह खुलासा सोमवार को उसकी गिरफ्तारी पर हुआ।
एसआइटी को उसने बताया कि 13 हजार डॉलर, भारतीय नोट और सोने के सामान लेकर निकलने का प्लान बनाया था। रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की जान लेने के बाद उसने सिलेंडर से ब्लास्ट करने की योजना से इनकार किया। उधर, एसआइटी को वरुण के क्राइम की पूरी कुंडली मिल गई है, जिससे पता चलता है कि उसका केयर टेकर बनना अपराध के प्लान का हिस्सा था। एसआइटी के अनुसार, आरोपी वरुण कुमार की इससे पहले ऐसी अन्य घटनाओं में भूमिका रह चुकी है। वरुण के क्राइम हिस्ट्री की पड़ताल की जा रही है।
नैनीतालः दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक उसने उत्तराखंड के नैनीताल में रामप्रसाद होम हेल्थ केयर के माध्यम से 92 वर्षीय रिटायर्ड अफसर की देखभाल की थी। इस दौरान नशा करने की शिकायत मिली। एक दिन उसने अफसर पर हमला करने की भी कोशिश की थी। उसने अफसर के मुंह में चम्मच डालने की कोशिश की। पड़ोसियों ने बचाया।
ग्वालियरः 23 अगस्त 2026 को ग्वालियर की सार्थ होम नर्सिंग केयर एजेंसी में वरुण ने मोबाइल चोरी कर लिया था।
जयपुरः जून 2026 में रूही हेल्थ केयर सर्विस के जरिए नौकरी मिली थी। यहां भी व्यवहार संबंधी शिकायतें मिली तो उसे हटा दिया गया था।
मामले में अब भी आरोपी और एसआइटी की कहानी में झोल नजर आ रहा है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि जब वरुण इतने आराम से वहां से निकल गया था और रिटायर्ड आइएएस अफसर राकेश अग्रवाल और उसके बीच संघर्ष नहीं हुआ था तो आखिर हत्या किस मकसद से की गई। कांट्रैक्ट किलिंग या किसी अन्य तरह की थ्योरी से अभी जांच टीम भी इनकार नहीं कर रही है। क्योंकि लूट तक तो मामला ठीक है पर हत्या की कहानी जरा कमजोर नजर आ रही है।
Updated on:
4 Nov 2026, 8:02 AM IST
Published on:
4 Nov 2026, 8:02 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.