भोपाल

मेट्रोपॉलिटन के लिए 2035 का विजन लेकिन जिले के शहर आज भी बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे

जिले को मेट्रोपॉलिटन रीजन में शामिल कर 2035 तक विकास का विजन तैयार किया जा रहा है, लेकिन राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, सारंगपुर और खिलचीपुर सहित नगरीय क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति इस बड़े सपने से मेल नहीं खाती।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:36 AM IST
Madhya Pradesh News

राजगढ़. शहरों में बेहतर ड्रेनेज, यातायात व्यवस्था, ट्रैचिंग ग्राउंड, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की जरूरत बरसों से बनी हुई है। शहरों से निकलने वाला गंदा पानी नदियों में मिल रहा है, कचरे के पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था भी कई जगह नदारद है। ऐसे में महानगरीय विकास की परिकल्पना से पहले शहरों की बुनियादी जरूरतें पूरी करना बड़ी चुनौती है। जिले के 14 नगरीय निकायों में आबादी और शहरी विस्तार के साथ नागरिक सुविधाओं की जरूरत बढ़ी है, लेकिन व्यवस्थाएं उसी अनुपात में विकसित नहीं हो सकीं। निचली बस्तियों में बारिश के दौरान जलभराव, सड़कों पर यातायात का दबाव, गंदे पानी की निकासी और कचरे के निपटान जैसी समस्याएं लगातार सामने आती हैं। शहरों की वर्तमान जरूरतों को पूरा किए बिना भविष्य के विस्तार की योजना कितनी कारगर होगी, यह सवाल महत्वपूर्ण है।

नदियों में पहुंच रहा शहरों का गंदा पानी, उपचार की व्यवस्था नहीं

राजगढ़ की नेवज, ब्यावरा की अजानर, सारंगपुर की कालीसिंध और खिलचीपुर की गाड़गंगा सहित शहरों से गुजरने वाली नदियों में गंदगी पहुंच रही है। शहरी क्षेत्रों से निकलने वाले सीवेज के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी सीधे जलस्रोतों तक पहुंच रहा है। सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और व्यवस्थित निकासी नेटवर्क की जरूरत के बावजूद इस दिशा में ठोस व्यवस्था का अभाव है। इससे नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण प्रभावित हो रहा है।

बारिश में जलभराव, ड्रेनेज का पानी बस्तियों तक

नदी किनारे और निचले क्षेत्रों में बसी बस्तियों में बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या सामने आती है। थोड़ी बारिश और ड्रेनेज का पानी पहुंचने से कई इलाकों में जलभराव हो जाता है। कमजोर निकासी व्यवस्था और पुराने ड्रेनेज नेटवर्क के कारण लोगों को हर बारिश में परेशानी उठानी पड़ती है। शहरों के विस्तार के साथ जल निकासी की समुचित योजना और क्षमता बढ़ाने पर अपेक्षित काम नहीं हो पाया।

ट्रैचिंग ग्राउंड पर कचरे के ढेर, पृथक्करण का इंतजाम नहीं

राजगढ़ में विभिन्न गांवों की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित ट्रैचिंग ग्राउंड में कचरा जमा रहता है। कचरे का व्यवस्थित निस्तारण नहीं होने से गंदगी और उड़ते कचरे की समस्या बनी हुई है। ब्यावरा में भी ट्रैचिंग ग्राउंड की व्यवस्थाएं बेहतर नहीं हैं। घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे का पृथक्करण, प्रसंस्करण और वैज्ञानिक निस्तारण जरूरी है, लेकिन कई शहरों में पूरी व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी है। ऐसे में कचरा प्रबंधन केवल संग्रहण तक सीमित नजर आता है।

ट्रैफिक, स्ट्रीट लाइट और पेयजल की जरूरतें भी अधूरी

शहरों में बढ़ते यातायात के हिसाब से सड़कें, बायपास और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन जरूरी है। कई स्थानों पर सड़क विस्तार और व्यवस्थित यातायात की जरूरत बनी हुई है। वहीं स्ट्रीट लाइट और नियमित पेयजल आपूर्ति जैसी सुविधाएं भी शहरी जीवन की बुनियादी जरूरत हैं। शहरों का विस्तार होने के बावजूद इन व्यवस्थाओं को मजबूत करने की चुनौती बनी हुई है। अवैध कॉलोनियों को मुख्यधारा में जोड़ने और नियमानुसार विकास कराने की प्रक्रिया भी कई जगह अधूरी है।

2035 का विजन, पहले वर्तमान की समस्याओं का समाधान

मेट्रोपॉलिटन रीजन से जुड़ने की अवधारणा जिले के विकास के नए अवसर खोल सकती है, लेकिन इसकी बुनियाद मजबूत शहरी व्यवस्थाओं पर ही टिकेगी। सीवेज ट्रीटमेंट, ड्रेनेज, कचरा प्रबंधन, पेयजल, सड़क, ट्रैफिक और प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से विकसित करना जरूरी है। वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. केसी मिश्रा बताते हैं कि वर्षों से कायम समस्याओं का समाधान किए बिना भविष्य के विस्तार की योजनाएं बनाने से शहरों की वास्तविक जरूरतें पीछे छूट सकती हैं। 2035 का विजन तभी सार्थक होगा, जब वर्तमान शहरों को पहले नागरिक सुविधाओं के मामले में सक्षम बनाया जाए।

Updated on:
28 Nov 2026, 9:36 AM IST
Published on: