
भोपाल. पूर्व राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा के 100वें जन्मदिवस पर जिला कांग्रेस की ओर से रेतघाट के समीप स्थापित प्रतिमा पर पुष्पांजलि दी गई। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा, पीसी शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर पचौरी ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति शर्मा का जीवन सादगी से भरी राजनीति करते हुए गुजर गया। मौजूदा राजनीति में केवल दिखावे पर जोर दिया जा रहा है। संवैधानिक पदों पर बैठकर जनप्रतिनिधि लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। सोशल मीडिया का इस्तेमाल नागरिकों को पथ भ्रष्ट करने के लिए किया जा रहा है। पचौरी ने कहा कि 2019 के आम चुनाव में केंद्र की सरकार को इन सबका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री सहित भाजपा नेताओं ने किया माल्यार्पण
जिला भाजपा की ओर से पूर्व राष्ट्रपति शंकरदयाल शर्मा की 100वीं जयंती के अवसर पर रेतघाट वीआईपी चौक पर स्थापित प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महापौर आलोक शर्मा, जिलाध्यक्ष सुरेंद्रनाथ ङ्क्षसह सहित सांसद एवं विधायक मौजूद रहे।
इस अवसर पर सिंह ने कहा कि शर्मा के जीवन से मौजूदा राजनीतिज्ञों और जनप्रतिनिधियों को सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च पद पर पहुंचने तक शर्मा का जीवन जनहित की राजनीति में बीता। सीएम ने कहा कि आज के परिवेश में उनके जीवन को आत्मसात करने की सबसे ज्यादा जरूरत है।
डॉ. शंकर दयाल शर्मा की जयंती मनाई
भोपाल की माटी के लाल देश के पूर्व राष्ट्रपति और सनाढ्य रत्न डॉक्टर शंकर दयाल शर्मा की 100वीं जयंती पर मध्यप्रदेश सनाढ्य समाज ने रेतघाट स्तिथि डॉक्टर शंकर दयाल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर पुण्य स्मरण किया और श्रद्धांजलि दी। श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए मध्य प्रदेश सनाढ्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष राम बाबू शर्मा ने कहा कि डॉक्टर शंकर दयाल शर्मा एक ऐसा व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने कर्मों से अपनी खुद की राह बनते हुए पदचिन्ह छोड़े हैं।