भोपाल

लंदन में चमका एमपी, घाना- वियतनाम और श्रीलंका ने टूरिज्म के लिए बढ़ाए हाथ

WTM 2025- लंदन वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट में एमपी में टूरिज्म के लिए घाना- वियतनाम और श्रीलंका ने बढ़ाए हाथ
2 min read
Nov 06, 2025
Ghana Vietnam, and Sri Lanka extend support for MP tourism in London
लंदन में एमपी में टूरिज्म के लिए घाना- वियतनाम और श्रीलंका ने बढ़ाए हाथ

WTM 2025- 'अतुल्य भारत का हृदय' मध्यप्रदेश की चमक अब लंदन में भी फैल रही है। विश्व के सबसे प्रभावशाली यात्रा और पर्यटन आयोजन, वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट लंदन 2025 में एमपी ने अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई है। पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी के नेतृत्व में इस विश्वस्तरीय ट्रैवल शो में प्रदेश को ट्रैवल और टूर पार्टनर्स से जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला है। 4 नवंबर से 6 नवंबर तक एक्सेल लन्दन में आयोजित वर्ल्ड ट्रैवल मार्ट (WTM) लंदन 2025 का दूसरा दिन मध्यप्रदेश के लिए बेहद सार्थक और सफल रहा। इस वैश्विक मंच पर कई देशों ने टूरिज्म में एमपी के साथ सहयोग के लिए अपने हाथ बढ़ाए।

WTM के प्रतिष्ठित मंच पर पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान में सहयोग के नए अध्याय जोड़ने के लिए भारत और विदेश के कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की। घाना, वियतनाम और श्रीलंका के प्रतिनिधियों के साथ सहयोग पर बातचीत हुई। बकिंघमशायर काउंसिल की मेयर प्रेरणा भारद्वाज से भी प्रदेश के राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने भेंट की। मध्यप्रदेश की समृद्ध विरासत, वन्य जीवन, आध्यात्मिकता और संस्कृति के संबंध में विस्तार से चर्चा की।

राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने घाना की पर्यटन मंत्री अबला द्ज़िफा गोमाशी के साथ सांस्कृतिक साझेदारी पर बातचीत की। उन्होंने वियतनाम के संस्कृति मंत्री गुयेन वैन हंग के साथ भी विरासत-आधारित पर्यटन एवं संयुक्त प्रचार अभियानों को बढ़ावा देने पर गहन विमर्श किया।

अंतर्राष्ट्रीय के साथ अंतर-राज्यीय संबंधों को मजबूती देते हुए राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री कंदुला दुर्गेश से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने आपसी सांस्कृतिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

श्रीलंका के साथ हुई बैठक विशेष उल्लेखनीय

पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी की श्रीलंका के साथ हुई बैठक विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। वहां के पर्यटन मंत्री विजिथा हेराथ के साथ हुई बातचीत का मुख्य केंद्र, मध्यप्रदेश के बौद्ध सर्किट को श्रीलंका में लोकप्रिय बनाना और बदले में, श्रीलंका के रामायण ट्रेल से भारतीय यात्रियों को परिचित कराना था। इस महत्वपूर्ण साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए, राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी ने भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के माध्यम से एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करने की प्रक्रिया शुरू करने का भी प्रस्ताव रखा।

Updated on:
06 Nov 2025 09:15 pm
Published on:
06 Nov 2025 09:15 pm