Ladli Behna Yojana- मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को लाड़ली बहनों के खातों में राशि करेंगे अंतरित
Ladli Behna Yojana- मध्यप्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनावों में बीजेपी की बंपर जीत में लाड़ली बहना योजना का जबर्दस्त योगदान था। चुनाव पूर्व चालू की गई इस योजना से पार्टी के प्रति महिलाओं का एकतरफा झुकाव हो गया था। यही कारण है कि राज्य सरकार इस योजना को न केवल निरंतर जारी रख रही है बल्कि समय समय पर राशि में बढ़ोत्तरी भी कर रही है। आज लाड़ली बहना योजना की 35 किस्त जारी की जा रही है जिसके अंतर्गत महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित की जाएगी। सीएम मोहन यादव सीहोर के आष्टा में समारोहपूर्वक यह राशि अंतरित करेंगे। लाड़ली बहनों के बैंक खातों में कुल 1836 करोड़ रुपए डाले जाएंगे। सीएम मोहन यादव ने इस संबंध में ट्वीट भी किया। वे कल भी अपने एक्स हेंडल पर बहनों को 1500-1500 की राशि देने की सूचना दे चुके थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अप्रैल यानि रविवार को सीहोर का दौरा कर रहे हैं। वे जिले के आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में
शामिल होंगे। सीएम मोहन यादव यहां 184 करोड़ रुपए से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करेंगे। इन विकास एवं निर्माण कार्यों में 115 करोड़ 32 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में 69 करोड़ 60 लाख रुपए के कार्यों का भूमि-पूजन भी शामिल है।
आष्टा में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव प्रदेशभर की लाड़ली बहनों को भी सौगात देंगे। वे योजना की 35 किस्त की राशि जारी करेंगे। सीएम मोहन यादव राज्य की एक करोड़ 25 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के बैंक खातों में राशि अंतरित करेंगे। इन बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपए से अधिक की राशि डाली जाएगी।
लाड़ली बहना योजना की नई किस्त के संबंध में सीएम मोहन यादव ने रविवार को ट्वीट कर जानकारी दी। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा कि आज लाड़ली बहना योजना की 35वीं किस्त की राशि अंतरित करूंगा। सीएम मोहन यादव ने इसे लाड़ली बहनों के सशक्तिकरण की ओर एक और कदम करार दिया। उन्होंने लिखा कि हम बहनों के सम्मान, उनकी आत्मनिर्भरता और विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध हैं।
इससे पहले शनिवार को भी सीएम मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के संबंध में ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने कहा कि कल, 12 अप्रैल 2026 को सीहोर जिले के आष्टा विधानसभा क्षेत्र से हर पात्र बहन के खाते में 1500-1500 रुपए की राशि अंतरित करूंगा।