
भोपाल. केन्द्रीय वित्तमंत्री पीयूष गोयल शुक्रवार को भोपाल में थे। यहां उन्होंने एक होटल में राजधानी के विभिन्न व्यापारिक संगठनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। ज्यादातर व्यापारियों ने विवरणी जमा करने के लिए सर्वर के धीमे चलने की समस्याएं बताई। केन्द्रीय मंत्री यहां जीएसटी के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के व्यापारियों, उद्योग संचालकों से मिलने के साथ उनकी कारोबारी कठिनाइयों को जानने आए थे।
उन्होंने काफी समय तक जीएसटी एवं अन्य व्यापारिक दिक्कतों को लेकर उपस्थित लोगों से संवाद किया। इस दौरान जब उनसे पेट्रोल -डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने की बात पूछी तो वे इस पर कुछ नहीं बोले बल्कि दूसरे सवालों के जवाब देते रहे। इस दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, वित्त मंत्री जयंत मलैया सहित राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता एवं जीएसटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
शिविर लगाए जाएंगे
केन्द्रीय वित्त मंत्री ने बताया कि जो उनके पास सुझाव आए है या कि जिन मुद्दों पर व्यापारियों को परेशानी आ रही है, उन पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा। सरकार व्यापारियों की परेशानियों से अवगत है। जहां भी दिक्कतें आ रही है, उन्हें प्राथमिकता से हल किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जीएसटी विभाग के अधिकारियों को उन्होंने निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी जिलों में शिविर लगाए और रिटर्न भरने में उद्योगपतियों, व्यापारियों की मदद करें।
दरअसल ज्यादातर उपस्थित व्यापारी विवरणी जमा करने में नेटवर्क की समस्या को लेकर वित्तमंत्री से सवाल कर रहे थे। कारोबारियों ने कहा कि जीएसटी कानून अच्छा है लेकिन एक साल बाद भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समय पर रिटर्न जमा नहीं होने से पैनाल्टी भरना पड़ता है। कारोबारियों ने रिटर्न भरने की अनिवार्यता को मंथली की जगह तिमाही करने की मांग भी रखी।
व्यापारियों ने सौंपे ज्ञापन
बैठक में लोहा व्यवसायी संघ, कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन, मेडिकल एसोसिएशन सहित करीब एक दर्जन व्यापारिक संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे। इसके अलावा कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (कैट) के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
फिर उठी लोहा मंडी की मांग
राजधानी भोपाल मेें लोहा मंडी बनाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे व्यापारियों ने एक बार सरकार के सामने अपनी बात रखी है। लोहा व्यवसायी एवं निर्माता संघ, भोपाल के एक प्रतिनिधिमंडल केन्द्रीय वित्तमंत्री पीयूष गोयल से मिलने होटल पहुंचे थे। यहां उन्होंने वित्तमंत्री की बजाय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने लोहा व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उन्हें एक सप्ताह के भीतर बुलाया जाएगा और उनकी बात सुनी जाएगी। उन्होंने कहा कि मेरी जानकारी में लोहा मंडी की बात है। ज्ञापन सौंपने वालों में कांतीलाल चत्तर, भोपाल चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ललित जैन, वीरेन्द्र ओसवाल, संजय बडजात्या, श्रवण कुमार अग्रवाल, नारायण खेमानी, शैलेन्द्र गुप्ता, पूनम दुग्गल आदि लोहा व्यापारी शामिल थे।
झूलेलाल एक्सप्रेस की मांग रखी
लोकमान्य तिलक टर्मिनल से चलकर हरिद्वार जाने वाली एलटीटीट एचडब्ल्यू एसी सुपरफास्ट 12171 रेल को सिंधी समाज के अराध्य भगवान झूलेलाल के नाम से करने की मांग केन्द्रीय वित्त मंत्री पीयूष गोयल से की गई। शुक्रवार को सिंधु एजुकेशनल वेलफेयर एसोसिएशन सेवा के अध्यक्ष दुर्गेश केसवानी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वित्तमंत्री से मुलाकात की थीं। इस अवसर पर रवि बलेचा, नरेश लेखनी, सुरेश कुमार प्रमुख रुप से मौजूद थे।