
Guru Purnima 2024 Kubereshwar Dham Pandit Pradeep Mishra: एमपी के सीहोर में इन दिनों भक्तों का मेला लगा हुआ है। गुरुपूर्णिमा के अवसर पर पंडित प्रदीप मिश्रा से गुरुदीक्षा लेने के लिए कुबेरेश्वर धाम (Kubereshwar Dham) में लाखोें लोग उमड़ पड़े हैं। यहां अभी शिव महा पुराण कथा का आयोजन हो रहा है जिसमें तीन लाख लोग आ रहे हैं। इस बीच पूर्णिमा तिथि दो दिन पड़ने से गुरु पूर्णिमा को लेकर भक्त कुछ भ्रमित हो रहे हैं हालांकि विठलेश सेवा समिति ने स्पष्ट कर दिया है कि कुबेरेश्वर धाम में 21 जुलाई को ही यह पर्व मनाया जाएगा।
गुरुपूर्णिमा के अवसर पर कुबेरेश्वर धाम में महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण की कथा 14 जुलाई से शुरु हुई जोकि 20 जुलाई तक चलेगी। कथा स्थल पर लाखों लोगों के लिए रुकने और भोजन की भी व्यवस्था की गई है।
गुरुपूर्णिमा के दिन भक्तों का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। यही कारण है कि जिला प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। कलेक्टर प्रवीण सिंह और एसपी मयंक अवस्थी खुद कुबेरेश्वर धाम आकर कथास्थल, भोजन शाला, भक्तों के आवगमन के रुटों आदि का निरीक्षण कर रहे हैं। धाम में समिति के सदस्यों और अधिकारियों की कई बैठकें हो चुकी हैं जिसमें आयोजन पर व्यापक चर्चा की गई। कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
देशभर से लाखों श्रद्धालु सीहोर आए
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महा पुराण सुनने लाखों लोग आते हैं। गुरू पूर्णिमा उत्सव के मौके पर आयोजित कथा में तो देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आए हैं। कथा के लिए तीन डोम लगाए गए हैं। रात्रि विश्राम के लिए ढाई लाख वर्ग फीट में विशेष रूप से डोम लगाया गया है। कथा सुनने के लिए 14 जुलाई से पहले ही यहां लाखों लोग आ चुके थे।
आषाढ़ माह की पूर्णिमा तिथि को लेकर भ्रम है। पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 20 जुलाई को शाम 5.59 बजे से होगी जबकि 21 जुलाई को दोपहर बाद 3.46 मिनट बजे इसका समापन होगा। 20 और 21 जुलाई दोनों दिन पूर्णिमा होने से गुरु दीक्षा को लेकर भ्रम फैला हुआ है। अधिकांश ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 21 जुलाई को ही गुरु पूर्णिमा मनाई जाएगी। इस दिन सुबह 5 .46 मिनट के बाद से दोपहर 3.46 मिनट तक पूजा के शुभ मुहूर्त हैं।
विठलेश सेवा समिति ने भी इस बात की तस्दीक कर दी है कि कुबेरश्वर धाम में सात दिवसीय शिव महापुराण के बाद रविवार यानि 21 जुलाई को एक दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया गया है। इस मौके पर सुबह नौ बजे से देर शाम तक लाखों श्रद्धालुओं को दीक्षा दी जाएगी। समिति सदस्यों के अनुसार 21 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन सुबह सात बजे से दीक्षा समारोह शुरु हो जाएगा। गुरु पूर्णिमा Guru Purnima 2024 पर इस बार तीन दुर्लभ संयोग भी बने हैं।