भोपाल

परचम और गौसे पाक की नाद के साथ ग्यारहवीं शरीफ का जुलूस

- सकलैनी मस्जिद में आयोजन, जलसा और लंगर-ए-आम
less than 1 minute read
Dec 09, 2019
परचम और गौसे पाक की नाद के साथ ग्यारहवीं शरीफ का जुलूस
परचम और गौसे पाक की नाद के साथ ग्यारहवीं शरीफ का जुलूस

भोपाल। अशोका गार्डन 80 फिट रोड स्थित सुन्नी सकलैनी जामा मस्जिद से 11वीं शरीफ का जुलूस-ए-गौसिया निकाला गया। ये अशोका गार्डन में सब्जी मंडी चौराहा, परिहार चौराहा होता हुए वापस सकलैनी मस्जिद पर खत्म हुआ।

सकलैनी मस्जिद के सदर सूफी नूर उद्दीन सकलैनी ने बताया कि हर साल ये जुलूस निकाला जाता है। रविवार दोपहर निकाले गए जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद हजरत अल्लामा मौलाना मुफ्ती रिहान साहब ने हजरत गौसे पाक के जीवन पर रोशनी डाली। यहां लंगर ए आम का आयोजन भी हुआ। इसमें हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे। इस मौके पर एक जलसे का भी आयोजन किया गया था। इसके बाद ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के चेयरमेन औसाफ शाहमीरी खुर्रम, सकलैन अकादमी ऑफ इंडिया भोपाल यूनिट के सदर सलीम सकलैनी सहित कई लोगों ने जलसे के बाद मुल्क के लिए अमान की दुआ की।

हर साल होता है आयोजन

यहां हर साल ग्यारहवीं शरीफ पर ये आयोजन होता है। पिछले कई वर्षों से इसमें कई लोग शरीक होते हैं। मुबीनउद्दीन सकलैनी ने बताया कि हर तबका इसमें शामिल होता है। इसमें शामिल होने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है।

होते हैं कई धार्मिक आयोजन

हाल में ही ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सकलैनी जामा मस्जिद में कुरानख्वानी और दरूद का आयोजन हुआ था। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें शिरकत की थी। आयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के कारण शहर में एहतियातन सुरक्षा इंतजाम थे। जिसके कारण इस वर्ष ईद मिलादुन्नबी का जुलूस नहीं निकाला गया। हर साल इस मौके पर जुलूस निकाला जाता है।

Published on:
09 Dec 2019 11:27 am