भोपाल

Haj: हज यात्रियों के लिए सऊदी हुकूमत का फरमान, सरहदें पार कीं तो होगी सख्त कार्रवाई, जानें क्या है मामला

Haj: इस साल 2024 में भी मध्य प्रदेश से अब तक करीब 7 हजार मुसलमान हज यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। इस बीच सऊदी हुकूमत ने नया फरमान जारी कर दिया है, जिसके बाद अब हज यात्रा के लिए मक्का-मदीना जाने वाले मुसलमानों को यहां संभलकर रहना होगा।

2 min read
Jun 08, 2024

Haj: मध्य प्रदेश समेत देशभर से लाखों मुसलमान हर साल तीर्थयात्रा हज पर जाते हैं। इस साल 2024 में भी मध्य प्रदेश से अब तक करीब 7 हजार मुसलमान हज यात्रा के लिए रवाना हो चुके हैं। इस बीच सऊदी हुकूमत ने नया फरमान जारी कर दिया है, जिसके बाद अब हज यात्रा के लिए मक्का-मदीना जाने वाले मुसलमानों को यहां संभलकर रहना होगा। वहीं फरमान का उल्लंघन करने वालों को सऊदी हुकूमत की सख्त कार्रवाई का सामना करना होगा। जानें आखिर क्या है सऊदी हुकूमत का ये नया फरमान?

दरअसल हज करने सऊदी अरब गए भारतीय मुसलमान अगर मक्का की सीमा पार कर कहीं भी जाते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सऊदी हुकूमत ने इस संदर्भ का फरमान भी जारी किया है। इसको अमली जामा पहनाने के लिए हज यात्रियों की सेवा के लिए भेजे गए खादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) को लगाया गया है। अगर खादिमुल हुज्जाज ड्यूटी में लापरवाही बरतते नजर आए, तो उनको भी भारत वापस भेज दिया जाएगा।

सऊदी से आया संदेश

सऊदी हुकूमत ने काउंसलेट जनरल ऑफ इंडिया तथा हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से भारत के हज यात्रियों को ये जरूरी सूचना दी है कि कोई भी हजयात्री मक्का मुकर्रमा की सीमा पार करके न जाए। उनको मक्का से जेद्दा, तायफ व जौराना न जाने की सलाह दी गई है। सऊदी अरब की पुलिस हज यात्रियों की कड़ी जांच कर रही है। यात्रियों को पत्र के माध्यम से बताया गया है कि अगर कोई भी व्यक्ति इन जगहों पर जाएगा तो उनकी खुद की जिम्मेदारी होगी।

मक्का में प्रवेश पर प्रतिबंध


सऊदी अरब के आंतरिक मंत्रालय ने आगामी हज के मद्देनजर मक्का में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। इस कारण सीमा चौकियों पर जांच बढ़ा दी गई है और उल्लंघन करने वालों पर राज्य के नियमों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पत्र में ये भी कहा गया है कि यह देखा गया है कि यात्री उमराह के लिए मीकात में जाने के लिए मक्का की सीमा पार कर रहे हैं। बढ़ी हुई पाबंदियों और जांचों के मद्देनजर, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि हज-2024 के समापन तक और उस समय तक जब तक प्रतिबंध लागू है, मक्का की सीमाओं, चेक पोस्टों को न छोड़ें।

उल्लंघन करने पर खादिमुल हुज्जाज भेजे जाएंगे वापस


यात्रियों से जुड़े खादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) को निर्देश दिया गया है कि हज सुविधा ऐप पर अपने लोकेशन को हमेशा ऑन रखें और मक्का को सीमा से बाहर जाने वाले तीर्थयात्रियों की किसी भी घटना की सूचना शाखा कार्यालय को दें। निर्देशों का पालन न करने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा। वहीं उन्हें वापस भी भेजा जा सकता है।

बता दें कि मध्य प्रदेश से हर साल हजारों मुसलमान हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाते हैं। इस बार भी 21 और 22 मई को एमपी से करीब 7000 हज यात्रियों का जत्था रवाना हुआ है। सभी के पास मक्का की सरहदें पार न करने का सऊदी हुकूमत का ये फरमान पहुंचा दिया गया था। वहीं इन हज यात्रियों के साथ जाने वाले खादिमुल हुज्जाज (हज सेवक) को भी सख्ती से निर्देशों का पालन करने की बात कही गई है।

Updated on:
08 Jun 2024 03:52 pm
Published on:
08 Jun 2024 03:45 pm
Also Read
View All

अगली खबर