Hamidia Firing Case : हमीदिया अस्पताल गोलीकांड के आरोपी शाजेब खान की ओर से जमानत याचिका लगाई गई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट के अनुसार, गोलीकांड का आरोपी आदतन अपराधी है।
Hamidia Firing Case :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित सूबे के सबसे बड़े सरकारी हमीदिया अस्पताल में बहुचर्चित गोलीकांड केस में नया अपडेट सामने आया है। दरअसल, गोलीकांड के आरोपी शाजेब खान की ओर से सेशन कोर्ट में जमानत याचिका दायर की गई थी, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है। सेशन के न्यायधीश प्रवीण पटेल की आरोपी की जमानत याचिका निरस्त की है। बताया जा रहा है कि, मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने आरोपी को जमानत देने से इंकार कर दिया है।
आपको बता दें कि, शाजेब खान पर आरोप है कि, उसने केस के मुख्य आरोपी शादाब गेट और अन्य के साथ मिलकर पहले शहर के अशोका गार्डन थाना इलाके में एक अन्य बदमाश लल्लू रईस के बेटे पर फायरिंग की थी। इस हमले में लल्लू का बेटा इमरान घायल हो गया था। बताया जा रहा है कि, इमरान के पैर में गोली लगी थी, जिसके चलते उसके परिजन घायल अवस्था में उसे हमीदिया अस्पताल लेकर आ रहे थे। इसी दौरान हमलावर घायल इमरान का पीछा करते हुए हमीदिया अस्पताल परिसर पहुंच गए। यहां भी उन्होंने इमरान पर फायरिंग की, लेकिन गोली अस्पताल के दरवाजे पर जा लगी, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी फैल गई। गेट पर गोली लगने पर दोनों आरोपी हमीदिया अस्पताल से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी समेत उसके सभी साथी आदतन अपराधी हैं। आरोपित शादाब पर 18 दर्ज हैं, जबकि अनस पर 1, अल्लू परवेज 6 और गुड्डू स्टेशन 6 केस दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि, बदमाशों ने सवा घंटे में कई स्थानों पर फायरिंग करते हुए दहशत फैलाने का प्रयास किया था।
पुलिस के मुताबिक, हमीदिया गोलीकांड में मुख्य रूप से शादाब गेट और शाजिब खान आरोपी हैं। वहीं, अशोका गार्डन गोलीकांड में इनके अलावा अल्लू परवेज, गुड्डू स्टेशन, अनस कुरैशी, आसिफ कौआ और आकाश राजपूत के नाम सामने आए थे। फिलहाल, इस मामले में अल्लू परवेज, शादाब गेट, शाजेब खान और गुड्डू स्टेशन न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं, जबकि अन्य आरोपियों को कोर्ट से जमानत दी जा चुकी है।
ये भी बता दें कि, मुख्य आरोपी शादाब कुरैशी ने साल 2015 में शहर के ऐशबाग थाना क्षेत्र के बाग फरहत अफजा गेट पर भी अपने साथियों के साथ मिलकर इलाके के निवासी सलमान की हत्या की थी। इस मामले में शादाब को सजा पड़ गई थी। नई वारदात को अंजाम देने से कुछ दिन पहले ही आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया था।