
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल को महिलाओं के लिए सुरक्षित शहर नहीं माना जाता है। पुलिस प्रशासन की अनेक कोशिशों के बावजूद अब तक इस स्तर पर कोई कठोर कार्रवाई नहीं किए जाने से आए दिन महिलाएं छेड़खानी से लेकर रेप तक शिकार होती रहती है।
जानकारों के अनुसार पुलिस की इसी कमजोर कार्रवाई के चलते शहर में महिलाओं से छेड़खानी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस बीच एक और छेड़छाड़ की घटना सामने आई है। जहां एक युवती के भाई ने ही अपनी बहन की सहेली को पहले न्यू ईयर विश किया और उसके ही घर में घुसकर आई लव यू बोलने के बाद छेड़छाड़ की।
दरअसल अशोका गार्डन में बीसीए की छात्रा के साथ उसकी सहेली के भाई ने घर में घुसकर छेड़खानी कर दी। पहले आरोपी ने उसको हैप्पी न्यू ईयर बोला फिर कहने लगा कि वह उसको अच्छी लगती है। इतना सुनते ही छात्रा ने अपने परिजनों को बुला लिया और मनचले की जमकर मारपीट करने के बाद उसको पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अशोका गार्डन पुलिस के अनुसार इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहने वाली 20 वर्षीय छात्रा बीसीए की छात्रा है। उसकी सहेली को हर रोज उसका भाई छोड़ने आता था। इस दौरान उसका सहेली के भाई संजय बैरागी (23) से परिचय हो गया था। दोनों के बीच में बातचीत भी होने लगी थी। सोमवार को संजय अपने बहन की सहेली के घर पहुंचा और उसको नए साल की बधाई दी और उससे आपत्तिजनक बातें करने लगा।
छात्रा ने उसे रोका लेकिन युवक ने उससे प्यार का इजहार कर दिया। इससे नाराज छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दे दी। परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई की और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
इधर,गैंगरेप का आरोपी बोला रजामंदी से हुआ सब :-
बैतुल के बोदलपठार गांव में लड़की के साथ गैंगरेप करने वाले आरोपियों को बुधवार को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। आरोपियों का कहना है लड़की अपने बॉयफ्रेंड के साथ नए साल का जश्न मना रही थी। इस दौरान उसके साथ रेप किया। जबकि मृतका के छोड़े सुसाइड नोट में रात 10 बजे शौचालय के दौरान यह घटना होना सामने आया। इस घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने मंगलवार को 19 साल के बलिराम धुर्वे और राजेश काकोड़िया को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। इस दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
ये है मामला...
बलिराम के अनुसार रविवार रात खेत में हम चार दोस्त नए साल का जश्न मना रहे थे। तभी एक बाइक आते दिखी। थोड़ी दूर जाकर बाइक एक खेत के पास जाकर खड़ी हो गई। तभी हम में से दो ने पास जाकर टाॅर्च जलाकर देखा तो एक लड़के और लड़की आपत्तिजनक हालत मिले। इसी दौरान हमें देखकर दोनों अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। हम दौड़े तो लड़की थोड़ी दूर जाने के बाद बैठ गई। हमने लड़की से पूछा इतनी रात में यहां क्यों आई तो उसने कहा नए साल का जश्न मनाने के लिए नवल को बुलाया था।
तो हमने लड़की से रुपए की डिमांड की। लड़की ने रुपए नहीं होने की बात कही तो हमने कहा हमें तो कुछ न कुछ चाहिए। इसके बाद लड़की ने कहा जो करना है कर लो। फिर राजेश के मोबाइल से लड़की ने नवल को फोन कर कहा आप घर चले जाओ मैं भी जा रही हूं। इसके बाद राजेश और मैंने उसके साथ रेप किया।
दो साल पुराना प्रेम प्रसंग
वहीं पुलिस के मुताबिक लड़की का अपनी भाभी के भाई नवल के साथ दो सालों से अफेयर चल रहा है। नवल ने पुलिस को दिए बयान में बताया लड़की के साथ उसका अफेयर चल रहा था। इसी के चलते 31 दिसंबर को लड़की ने फोन कर रात में मिलने के लिए बुलाया था। जब हम मिल रहे थे, तभी गांव के दो लड़के आ गए। मैं अपने गांव उमरिया वापस चला गया।
लड़की का फोन आया उसने बताया गांव के बलिराम धुर्वे और राजेश काकोड़िया ने उसके साथ रेप किया है। इस कारण वह सुसाइड कर रही है। लड़की के साथ गैंगरेप करने वाले आरोपी बलिराम धुर्वे और राजेश काकोड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की के बॉयफ्रेंड के भी बयान लिए हैं।