राज्य के कई हिस्सों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास...
भोपाल। मौसम में अचानक आई गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। मार्च में ही मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के अन्य हिस्सों में गर्मी ने कहर ढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी के चलते शुक्रवार को भी सुबह से ही निकली धूप ने चुभन पैदा करना शुरू कर दिया है। वहीं, मौसम विभाग ने भी आगामी 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना जताई है।
मई जून से पहले ही यानि मार्च में ही राज्य में गर्मी के बढ़ते असर ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। जानकार मौसम में आए इस बदलाव की वजह राजस्थान की ओर से चलने वाली हवाओं को मान रहे हैं।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल और सागर संभागों के कई हिस्सों में लू चल सकती है। राज्य के तापमान में बदलाव का दौर जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री, इंदौर का 21 डिग्री, ग्वालियर का 17.5 डिग्री और जबलपुर का 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री, इंदौर का 38.5 डिग्री, ग्वालियर का 38 डिग्री और जबलपुर का 39.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
माना जा रहा है कि अप्रैल के शुरूआती दिनों में ही तापमान 41 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इसके चलते जहां अनुमान है कि 3 अप्रैल को आसमान खुला रहेगा। वहीं इस दौरान सूर्य भी अपने जमकर तेवर दिखाएगा।
जबकि इसके बाद के कुछ दिनों तक आसमान में बादल आने से उमस में भी बढ़ौतरी होगी।
आने वाले दिनों में मौसम का अनुमान:
- 31 मार्च यानि शनिवार को न्यूनतम तापमान 21डिग्री व अधिकतम तापमान 39डिग्री रहने का अनुमान है।
- वहीं 01अप्रैल यानि रविवार को न्यूनतम तापमान 22डिग्री व अधिकतम तापमान 40 डिग्री पहुंच जाएगा।
- 02अप्रैल यानि सोमवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री व अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहेगा।
- 03 अप्रैल यानि मंगलवार को न्यूनतम तापमान 21 डिग्री व अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहेगा। जबकि इस दिन आसमान साफ रहेगा।
- 04 अप्रैल यानि बुधवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री व अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहेगा।
- 05 अप्रैल यानि गुरुवार को न्यूनतम तापमान 1 डिग्री नीचे जाने के साथ 19 डिग्री व अधिकतम तापमान में भी 1 डिग्री कमी के साथ 40 डिग्री तापमान रहेगा।