सर्दी का सितम: राजस्थान, मध्यप्रदेश समेत उत्तर भारत में जनजीवन प्रभावित...
भोपाल। देशभर में जारी कड़ाके की ठंड के बीच शनिवार को मध्यप्रदेश के बैतूल और खजुराहो में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बैतूल में यह पिछले 20 साल का सबसे कम तापमान रहा।
MP में नौ जिले ऐसे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 03 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया गया। इसके पहले शुक्रवार को सर्दी ने भोपाल में 38 साल का रेकॉर्ड तोड़ा था। यहां न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। शनिवार को इसमें 0.3 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने छतरपुर, बैतूल और होशंगाबाद जिलों में तीखी शीतलहर की चेतावनी जारी की है, जबकि प्रदेश का बाकी हिस्सा शीतलहर की चपेट में रहेगा। विभाग ने कुछ शहरों में पाला पडऩे की संभावना भी जताई है।
बर्फ की क्यारी, पूरी फसल बर्बाद-
धार में पारा गिरते ही चना, मक्का सहित अन्य फसलों के फूल मुरझा गए हैं। बदनावर में खेतों पर बर्फ की मोटी पर्त जम गई। मल्चिंग पद्धति से उगाई जा रही फसल की क्यारियां को प्लास्टिक से ढंका जाता है।
शनिवार को ये बर्फ बनकर जम गईं। झाबुआ में 4.4 डिग्री पारा दर्ज किया गया। यह 18 साल में जिले की सबसे सर्द रात थी। खरगोन में पारा तीन डिग्री रहा।
ये रहेगा अगले 6 दिन सर्दी का हाल...
मौसम के जानकारों की माने तो अभी तापमान में ओर कमी आएगी। जिसके चलते ठिठुरन बढ़ने के साथ ही ग्लाव की स्थिति में भी वृद्धि होगी। जानकारों की मानें तो अगले चार-पांच दिनों तक कोहरे के साथ ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
जानकारों की मानें तो इस सप्ताह 2,3 व 4 जनवरी को खास ठंड रहने की संभावना है, इस दौरान न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री के बीच पहुंच जाने की संभावना है। वहीं इसके बाद शनिवार यानि 5 जनवरी को पिछले दिनों की अपेक्षा ठंड से कुछ राहत मिलेगी और पारा 9 डिग्री के आसपास तक आ जाएगा।
ये रहेगा ठंड का हाल...
दिनांक : न्यूनतम पारा(डिग्री में) : अधिकतम (डिग्री में) : मौसम का हाल
31 दिसम्बर : 6.0 : 24.0 : आसमान साफ रहेगा।
01 जनवरी : 7.0 : 26.0 : धुंध रह सकती है।
02 जनवरी : 4.0 : 26.0 : धुंध रहने की संभावना।
03 जनवरी : 5.0 : 24.0 : धुंध सुबह के समय रहने की संभावना।
04-जनवरी : 6.0 : 23.0 : सुबह व शाम धुंध छाई रहेगी।
05-जनवरी : 7.0 : 26.0 : सुबह व शाम धुंध बनी रहेगी।
ऐसे समझें देश में सर्दी का सितम...
दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु समेत उत्तर लेकर दक्षिण भारत तक शीतलहर का प्रकोप जारी है। सर्द हवाओं के चलते पहाड़ हो या दक्कन आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।
शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में सर्दी ने नया रेकॉर्ड बना दिया है। इस दिन तापमान गिरकर 2.6 डिग्री तक आ गया, जो सीजन का सबसे कम तापमान रहा। विभाग भविष्यवाणी कर चुका था कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 3 डिग्री या उससे भी नीचे तक गिर सकता है।
30 दिसंबर को भी दिल्ली का तापमान 2 से 3 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले कुछ दिनों में शीत लहर और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ाने वाला है।
अगले आनेवाले 48 घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड के साथ-साथ घना कोहरा तंग कर सकता है। शीत लहर को लेकर एनसीआर के साथ हरियाणा, चंडीगढ़ में पहले ही चेतावनी जारी कर दी गई थी। घने कोहरे के दिनों में दृश्यता 200 मीटर से कम हो जाती है।
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में गिर रही बर्फ के चलते उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी ठंड में इजाफा हुआ है। राजस्थान और पंजाब में भी कई शहरों में पारा माइनस में है।
सीकर जिले के फतेहपुर में कई जगह बर्फ जम गई, तो श्रीनगर के सीआरपीएफ कैंप में नल से बह रहा पानी भी जम गया। ठंड का आलम यह है कि लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 17.5 रहा।
जानिये आपके शहर में तापमान: temperature in your city:-
झारखंड: रांची के पास पारा माइनस एक डिग्री
झारखंड की राजधानी रांची से सटे मैक्लुस्कीगंज का न्यूनतम तापमान शनिवार को माइनस 1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। झारखंड में हाल के एक दशक में माइंस 1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान एक रेकार्ड है।
सिक्किम:3000 पर्यटकों को सेना ने बचाया
सिक्किम में चीन की सीमा के पास नाथुला दर्रा घूमने गए हजारों लोग जब भारी बर्फबारी के बीच फंस गए तो सेना ने सभी को वहां से बचाकर निकाल लिया।
अब भी सेना राहतकार्य में जुटी है और तब तक लगी रहेगी जब तक सभी को राजधानी गंगटोक न पहुंचा दिया जाए। सेना ने नाथुला में 400 गाडिय़ों में फंसे 3000 से ज्यादा नागरिकों को भारी बर्फबारी के बीच से निकाला।
उत्तराखंड: मुनस्यारी में माइनस 4 और पिथौरागढ़ में माइनस 2 डिग्री पहुंचा पारा...
मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान माइनस 4 डिग्री पहुंचने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इसका असर पिथौरागढ़ में भी दिखाई दे रहा है, जहां का न्यूनतम तापमान माइनस 2 डिग्री तक पहुंच गया है। शु्क्रवार को मुनस्यारी का तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया।
पश्चिम बंगाल:दार्जिलिंग में टूटा सर्दी का रेकार्ड
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में एक दशक बाद बर्फबारी हुई। दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को एक दशक बाद हिमपात हुआ। दार्जिलिंग में न्यूनतम तापमान माइनस 2 से माइनस 4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। 14 फरवरी 2008 को दार्जिलिंग के बाहरी इलाके में बर्फबारी हुई थी।
हिमाचल:मनाली की पहाडिय़ां बर्फ से ढकीं
हिमाचल प्रदेश में मनाली और आसपास की पहाडिय़ों पर शुक्रवार को काफी बर्फबारी हुई और ये सभी बर्फ से ढक गईं। शिमला में बर्फीली हवाओं के साथ हाड़ कंपा देने वाली ठंड है। यहां का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली का तापमान शून्य से 5.4 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
जम्मू-कश्मीर:करगिल सबसे सर्द, डल झील जमी
जम्मू कश्मीर में शीतलहर तेज होने के साथ ही कई हिस्सों में पारा शून्य से भी नीचे चला गया। कारगिल -16.2 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। घाटी और लद्दाख क्षेत्र में पारा और नीचे चले जाने से जलाशयों, प्रसिद्ध डल झील और कई रिहायशी क्षेत्रों की जलापूर्ति लाइनों में बर्फ जम गई।
श्रीनगर में गुरुवार रात तीन दशक में दिसंबर की सबसे ठंडी रात रही। गुरुवार रात पारा 7.7 डिग्री सेल्सियस तक चला गया। इससे पहले सात दिसंबर, 1990 को शहर का न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे 8.8 डिग्री सेल्सियस हो गया था।
घना कोहरा छाने की आशंका : मौसम विभाग के अनुसार 3 जनवरी तक इसी तरह से ठंडी हवा चलने के आसार हैं। वहीं 30 दिसंबर और 1, 2 व 3 जनवरी को घना कोहरा छाने की आशंका है।
खतरनाक हुई सर्दी Death due to cold:-
राजस्थान:प्रदेश में सर्दी से अब तक पांच की मौत
राजस्थान के शेखावाटी में ठंड का कहर लगातार जारी है। फतेहपुर में पारा माइनस 4.5 तो चूरू में माइनस 0.6 डिग्री दर्ज हुआ। चूरू में छह साल का रेकॉर्ड टूट गया है। प्रदेश में सर्दी से अब तक करीब पांच मौत हो चुकी है।
छत्तीसगढ़:3 की मौत
सबसे सर्द जगह मैनपाट, रायपुर में 29 साल का रेकॉर्ड टूटा। पारा 14.2 डिग्री पर जा पहुंचा। ठंड से प्रदेश में अब तक तीन की मौत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश: 14 की मौत
मध्य यूपी-बुंदेलखंड में 3 दिनों में 7 किसानों समेत 14 की मौत, 1.7 डिग्री पर आगरा सबसे सर्द।