-सरकार ने सभी सेवाओं के लिए एक ही हेल्पलाइन नंबर किया है शुरू
भोपाल. केंद्र सरकार के निर्देशानुसार देशभर में एक ही हेल्पलाइन नंबर पर सभी तरह की मदद मुहैया कराने के लिए शुरू की गई 112 हेल्पलाइन नंबर के साथ ही मप्र में 100 नंबर हेल्पलाइन सेवा भी जारी रहेगी। स्टेट कमांड सेंटर पर डायल 100 पर आने वाले कॉल्स को 112 पर ट्रांसफर किया जा रहा है। इसके पीछे वजह डायल-100 नंबर की लोगों की अधिक जानकारी होना है। बता दें, सरकार ने फायर, महिला अपराध, बच्चों से संबधित अपराध समेत चिकित्सीय सेवा के लिए एकीकृत हेल्पलाइन नंबर 112 की शुरुआत की है। इसके पीछे वजह यह है कि लोगों को आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग-अलग नंबर न डायल करना पड़ें। गौरतलब है कि महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 को भी पहले डायल-100 से तो अब 112 नंबर से जोड़ा गया है।
स्टेट कमांड सेंटर में शिफ्ट होगा कॉलसेंटर
भदभदा रोड स्थित दूरसंचार मुख्यालय परिसर में बनी स्टेट कमांड सेंटर की इमारत में डायल-100 के कॉलसेंटर समेत सीसीटीवी कमांड सेंटर की शिफ्टिंग की जा रही है। लीज लाइन समेत अन्य काम जारी हैं। बता दें, स्टेट कमांड सेंटर में एडीजी समेत अन्य आला अधिकारियों के कार्यालयों की शिफ्टिंग हो चुकी है।
डायल-100: नई कंपनी से अनुबंध जल्द
डायल-100 सेवा के लिए नई कंपनी तय होने के बाद अब इस सप्ताह अनुबंध होने की बात कही जा रही है। इसके बाद आगामी दो महीने में प्रदेश के सभी जिलों में 1200 नए फस्र्ट रिस्पॉन्स व्हीकल नजर आएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में बोलेरो तो शहरी क्षेत्र में इनोवा वाहन दौड़ेंगे। जानकारी के मुताबिक अनुबंध होने के बाद प्रत्येक जिले में नए वाहन भेजे जाएंगे। इसके साथ ही कॉल सेंटर का काम भी नई कंपनी संभालेंगी। डायल-100
का टेंडर जय अंबे समेत उसकी तीन सहयोगी कंपनियों को मिला है।