Hemant Khandelwal- मध्यप्रदेश में विभिन्न निगम मंडलों आयोगों में अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जानी हैं।
Hemant Khandelwal- मध्यप्रदेश में विभिन्न निगम मंडलों आयोगों में अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों की नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें पद देकर बीजेपी के प्रमुख नेताओं को संतुष्ट करने के लिए कवायद चल रही है। बताया जा रहा है कि संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों से चर्चा कर सीएम मोहन यादव इसे अंतिम रूप दे चुके हैं। इसके लिए पार्टी हाईकमान की सहमति भी मिल चुकी है पर अभी तक यह सूची जारी नहीं की गई है। इससे लालबत्ती के लिए लालायित पार्टी नेता बेचैन हो रहे हैं। अब प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने इस संबंध में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि निगम मंडलों में नियुक्तियां जल्द ही की जाएंगी।
राज्य में बीेजेपी का नया संगठनात्मक ढांचा तैयार होना है। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद से ही हेमंत खंडेलवाल जुटे हुए हैं। वे लगातार पार्टी नेताओं से मिल रहे हैं, संगठन के पुराने सरपरस्तों से भी सलाह लेने उनके घर पहुंच रहे हैं। इसी गहमागहमी के बीच हेमंत खंडेलवाल मीडिया से रूबरू हुए। वर्तमान राजनैतिक हालातों पर सवालों के जवाब दिए।
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का वोट चोरी का बयान सिरे से नकार दिया। उन्होंने कहा कि किसी पार्टी के बड़े नेता को ऐसे निराशाजनक बयान नहीं देने चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी को मानसिक रूप से परेशान बताया। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि देश में सभी चुनाव निष्पक्ष होते हैं। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल भी जीतते रहे हैं।
मध्यप्रदेश में इन दिनों निगम मंडलों में प्रस्तावित नियुक्तियों पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। राजनैतिक सूत्रों के अनुसार सीएम मोहन यादव बीजेपी नेताओं के राजनैतिक पुनर्वास के लिए इसकी सूची फायनल कर चुके हैं। इस संबंध में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से प्रश्न पूछा गया तो उन्होंने बताया कि निगम मंडलों में नियुक्तियों के लिए संगठन के वरिष्ठ नेता अभी विचार विमर्श कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि निगम मंडलों में नियुक्तियां जल्द होंगी।