भोपाल

भोपाल में खिसके घर, 12 मकान इधर से उधर होने पर चकरा गए लोग

Chandanpura Bhopal News : पहाड़ों पर खिसके खसरे, 13 हेक्टेयर क्षेत्र के रहवासी परेशान, भोपाल के चंदनपुरा में अधिकारी पहुंचे तो सामने आई हकीकत
2 min read
Aug 26, 2026
भोपाल के चंदनपुरा में घर खिसक रहे हैं
भोपाल के चंदनपुरा में घर खिसक रहे हैं- Demo Pic - फोटो सोर्स : Grok

Bhopal News : एमपी को अजब गजब यूं ही नहीं कहा जाता! प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक अजीब बात सामने आई है। यहां के घर खिसक रहे हैं। करीब एक दर्जन मकान इधर से उधर हो गए। इससे लोग हैरत में पड़ गए हैं। अच्छे भले पक्के मकानों के खिसकने की यह बात तब सामने आई जब कुछ इलाकों में प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए। पता चला कि यहां के मकानों के खसरे ही खिसक चुके हैं। एक कॉलोनी में बना मकान, दूसरी कॉलोनी में पहुंच गया है। इधर प्रशासन ने जांच की बात कही है। रिपोर्ट के आधार पर नोटिस जारी करने और इसके बाद सख्त कार्रवाई करने को भी चेताया गया है।

चंदनपुरा से जुड़ी पहाड़ी की जमीन के खसरे ही खिसक गए

चंदनपुरा से जुड़ी पहाड़ी की जमीन के खसरे ही खिसक गए हैं। दानिश हिल्स पर खड़ी ढलान में अवैध खनन और जमीन समतल की प्रक्रिया के बीच जब प्रशासनिक व रहवासी स्तर से यहां के खसरों की जांच-पड़ताल की तो पता चला कि दो बड़ी निजी कॉलोनियों की जमीन एक-दूसरे में जा रही है। यह स्थिति देख अधिकारी भी हक्के बक्के रह गए।

करीब 13 हेक्टेयर क्षेत्रफल के इलाके में रहने वाले लोग परेशान

मकानों के खिसकने का ये सिलसिला कान्हाकुंज तक है। यहां के पुराने 12 घर इस गड़बड़ी से सरकारी जमीन पर जाते दिख रहे। इस दिक्कत से करीब 13 हेक्टेयर क्षेत्रफल के इलाके में रहने वाले लोग परेशान हैं। प्रशासन अपने स्तर पर नोटिस देने की कार्रवाई भी करने वाला है। जांच पूरी होने के बाद ऐसा किया जाएगा।

दानिश हिल्स के पास रोपिणी को दी गई राजस्व भूमि व इसके बाद सागर हिल्स की जमीनें

दानिश हिल्स के पास रोपिणी को दी गई राजस्व भूमि व इसके बाद सागर हिल्स की जमीनें है। पहाड़ी पर अवैध खुदाई को लेकर रहवासियों ने आपत्ति ली और इसपर प्रशासनिक स्तर पर पोकलेन की जब्ती, पंचनामा बनाया और जमीन की खसरों की पड़ताल शुरू की। इससे मकानों के खसरे खिसकने की बात सामने आई। अब इस स्थिति से कैसे निपटें, इसपर काम किया जा रहा है।

मकानों के खसरे खिसकने से प्रशासनिक अधिकारी भी हैरान

मकानों के खसरे खिसकने से प्रशासनिक अधिकारी भी हैरान हैं। हालांकि इसका निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है।इस संबंध में भोपाल के एडीएम सुमित पांडेय का कहना है कि हमारी टीम जांच कर रही है। कुछ समय लगेगा, लेकिन स्थिति स्पष्ट की जाएगी। किसी को दिक्कत नहीं आने देंगे।

Updated on:
26 Aug 2026 01:06 pm
Published on:
26 Aug 2026 01:06 pm