
भोपाल। शहर के एक निजी अस्पताल पर मरीज का इलाज नहीं करने व उससे झूठ बोलने का आरोप लगा है। इस संबंध में पीड़ित के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं अस्पताल द्वारा इलाज नहीं करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने यहां जमकर हंगामा भी किया।
जानकारी के अनुसार भोपाल के आईएसबीटी बस स्टैंड के पास स्थित पालीवाल अस्पताल में एडमिट एक पीड़ित के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर कई तरह के आरोप लगाते हुए सोमवार को यहां हंगामा कर दिया।
मरीज के रिश्तेदार नेतराम का कहना है कि पिछली 2 तारीख को उनके रिश्तेदारों का एक एक्सीडेंट हो गया था। वे विदिशा के कुरवई के रहने वाले हैं।
इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे को हमिदिया अस्पताल में रिफेर किया गया था। नेतराम का आरोप है कि हमिदिया में इलाज के दौरान ही पालीवाल अस्पताल से एक व्यक्ति उनके पास आया और कहने लगा कि यहां इसका इलाज नहीं हो पाएगा, हमारे अस्पताल में हम इसे 50 हजार रुपए में ही ठीक कर देंगे।
इस पर राजी होने के बाद पालीवाल अस्पताल की गाड़ी से मरीज को हमीदिया से पालीवाल अस्पताल लाया गया। यहां परिजन का कहना है कि अस्पताल आते ही हमने 38 हजार रुपए जमा कर दिए। वहीं करीब 75 हजार रुपए सीएम हाउस से आए।
इसके बाद अस्पताल वालों ने 50 हजार में मरीज को ठीक कर देने की बात कहने के बावजूद जबरदस्ती हमसे ही 3 हजार की दवा खरीदवाई। इसके बाद जब हमने दवाई भी खरीद ली, तो भी अब वे मरीज का इलाज नहीं कर रहे हैं।
परिजन का आरोप है कि मरीज का दुघर्टनाग्रस्त हुए पैर से अब बदबूं आने लगी है पर अस्पताल उसका इलाज करने को तैयार नहीं है और 65 हजार रुपए और मांग रहा है। वहीं इलाज के लिए कहने पर मरीज को इलाज देने से मना करने के साथ ही कहीं ओर ले जाने को कह रहा है।
ये हैं मुख्य आरोप...
- अस्पताल कर रहा है मनमानी।
- घायल मरीज से इलाज के नाम पर मांग रहे लाखों रुपये।
- 50 हजार खर्च बताकर मरीज से मांगे 1 लाख 75000
- 75000 सीएम सहायता से मिले, 38000 जमा कराए लेकिन नहीं किया इलाज।
वहीं इस संबंध में जब पालीवाल अस्पताल के प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो सका।