Crime news: 1 मार्च की रात मोबाइल चलाने की बात और रील बनाने की बात पर दोनों में झगड़ा हुआ।
Crime news: एमपी के भोपाल शहर में बीते दिनों पहले एक सनसनीखेज मामला सामने आया था, जिसका पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शहर के कजलीखेड़ा क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में मृत मिली महिला की हत्या का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जो शहर से भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार 2 मार्च को मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि मृतका सोनम प्रजापति की हत्या उसके पति जितेन्द्र प्रजापति ने की है। आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। करीब एक माह पहले उसने पत्नी का मोबाइल भी तोड़ दिया था।
1 मार्च की रात मोबाइल चलाने की बात और रील बनाने की बात पर दोनों में झगड़ा हुआ। गुस्से में आरोपी ने पत्नी का गला दबाया और लात मार दी, जिससे वह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खून साफ कर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की और शव को पास के खाली प्लॉट में पानी में रख दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं एक बीते दिनों पहले ही एक अन्य मामले में झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र में सोशल मीडिया के जुनून ने एक युवक की जान ले ली। इंस्टाग्राम रील बनाने से रोकने पर पत्नी ने अपने ही पति की गला घोंटकर हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि आरोपी पत्नी ने यूट्यूब पर गला दबाने का तरीका सीखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी 24 घंटे में सुलझाते हुए आरोपी नाबालिग पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक कैलाश पिता रायचंद माल (25) अपनी पत्नी द्वारा इंस्टाग्राम पर रील बनाकर अपलोड करने का विरोध करता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। पति को पत्नी के चरित्र पर भी शंका थी। घटना वाले दिन एक शादी समारोह में नाचने और रील बनाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी ने पति की हत्या का मन बना लिया।