
Akshay Kumar Temrwal : मध्यप्रदेश में भारतीय प्रशासनिक सेवा और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को इधर से उधर करने का क्रम लगातार जारी है। शुक्रवार को सरकार ने प्रदेश के 32 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले कर दिए। अनेक जिलों के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों यानि सीईओ पर गाज गिरी। राज्य सरकार ने प्रदेश के 13 जिला पंचायत सीईओ को बदल दिया। हालांकि इनमें से कुछ आईएएस को अहम दायित्व दिए गए हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल की अंदर की कहानियां अब सामने आ रहीं हैं। बताया जा रहा है कि आइएएस अक्षय कुमार तेम्रवाल, दतिया में नहीं रहना चाहते थे। इसलिए सरकार ने उनका तबादला किया।
राज्य सरकार ने प्रदेश के 5 आइएएस को मैदान से मंत्रालय बुला लिया। 9 आइएएस एसडीएम बना दिए गए हैं। शुक्रवार को आदेश जारी करते हुए कई अधिकारियों को इधर से उधर किया। इनमें से कुछ अधिकारियों को जहां अहम जिम्मेदारी दी गई है वहीं अन्य कुछ अफसरों को आमजनों व जनप्रतिनिधियों से मिले फीडबैक के आधार पर हटाया गया है। सरकार ने अनेक अधिकारियों को एक पद पर काम करने के लिए पर्याप्त समय देने के बाद दूसरा दायित्व दिया है।
जिन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को स्थानांतरित किया गया है उनमें दतिया भी शामिल है। यहां के जिला पंचायत सीईओ अक्षय कुमार तेम्रवाल को सरकार ने भोपाल बुला लिया है। उन्हें भोपाल नगर निगम में अपर आयुक्त बनाया गया है।
विधानसभा उपचुनाव के बाद से ही दतिया सुर्खियों में बना हुआ है। उप चुनाव का परिणाम आने के बाद दतिया से पहली बार किसी आइएएस अधिकारी को हटाया गया है। बताया जा रहा है कि आइएएस अक्षय कुमार तेम्रवाल पारिवारिक कारणों से दतिया में नहीं रहना चाहते थे। उन्होंने भोपाल तबादला मांगा था। सरकार ने आइएएस अक्षय कुमार तेम्रवाल की इच्छा का सम्मान करते हुए उनका दतिया से तबादला कर भोपाल बुला लिया।
प्रशासनिक सूत्र बताते हैं कि दतिया से अभी अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का भी तबादला किया जा सकता है। इनमें जिले के कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल भी शामिल हैं। प्रशासन और पुलिस के मुखिया दोनों ही अधिकारियों को जल्द ही दतिया से हटाकर नई जिम्मेदारी दी जा सकती है।
प्रदेश के प्रशासनिक गलियारों में दतिया के कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल को नए दायित्व देने की जबर्दस्त अटकलें हैं। उपचुनाव परिणाम के बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे हैं।