स्वच्छता में लगातार नंबर वन पर रहने वाला इंदौर शहर स्वाद के जायके में भी नंबर-वन है। यहां आने वाला हर शख्स 56 दुकानें हों या सराफा जरूर जाता है। खाने के शौकीनों के लिए यहां सैकड़ों तरह के खाने के मजेदार व्यंजन मिल जाएंगे। खासकर मालवा के व्यंजन तो आप भूल नहीं पाएंगे। हालांकि चाइनीज, गुजराती, साउथ इंडियन व्यंजन भी अलग अंदाज में देखने को मिल जाएंगे। patrika.com पर आज हम बात कर रहे हैं इंदौर शहर के जायके की...। यहां आपको एक बार जरूर आना चाहिए...।

पोहा से होती है दिन की शुरुआत
जब भी नाश्ते की बात होती है तो पौहे की बात सबसे पहले दिमाग में आती है। इंदौर का पौहा मीठा और नमकीन मुलायम और कुरकुरा भी होता है। जिसे तली हुई मूंगफली और सेव से सजाया जाता है और ऊपर से नींबू का रस निचोड़ कर डाला जाता है। इसमें जीरावन स्वाद का मजा दोगुना कर देता है। पोहा दिन की शुरुआत करने के लिए एक सबसे सरल रेसिपी वाला और स्वादिष्ट नाश्ता है। इंदौर के साथ ही यह अन्य शहरों की भी शान बन गया है।
साबूदाना खिचड़ी
साबूदाना खिचड़ी इंदौर में बहुत मशहूर हैं। इंदौर के स्ट्रीट फूड में सबसे ऊपर आती है। इसे अलग-अलग प्रकार के नमकीन और कुरकुरे चिप्स के साथ मिक्स करके बनाया जाता है। इसे धनिया और नींबु के साथ मिक्स करके सर्व किया जाता है।
इंदौर के दाल-बाफले
इंदौर के दाल-बाफले भी बहुत प्रसिद्ध है। यह डिश आपके इंदौर के कई रेस्टोरेंट में मिल जाएगी। इसे गेहूं के आटे से बनाया जाता हैं। इसे घी से पकाया जाता है। दाल-बाफ़ले दाल बाटी की तुलना में बहुत नरम होते हैं। इंदौर के दाल-बाफले जितना देखने में अच्छे लगते हैं, उतना ही खाने में भी स्वादिस्ट है। इसके साथ ही बैंगन का भुर्ता, चूरमा, लड्डू और लहसुन की चटनी से इसका मजा दोगुना हो जाता है।
मावा-बाटी भी है फेमस
मीठे की बात है तो मावा बाटी का नाम सबसे ऊपर आ जाता है। यह देखने में बड़े गुलाब जामुन के तरह है। मावा बाटी इंदौर की सबसे स्वादिष्ट मिठाइयों में से एक है।
सेव पराठा
इंदौर का सेव पराठा पूरे देश में प्रसिद्ध है। सेव पराठे को आटे में भरकर मसालेदार मिश्रण से बनाया जाता है। सभी रेस्टोरेंट में सेव पराठे मिलते हैं। इंदौर के रेस्टोरेंट में सेव पराठा 30 या 40 रुपए में मिलता है।
ये तो कुछ पकवान है, जिसे इंदौर में एक बार जरूर खाना चाहिए। इसके अलावा गराडू, लाल बाल्टी की कचौरी, कुल्फी फालूदा औऱ भुट्टे का कीस आदि भी जरूर आजमाना चाहिए।