
खिलचीपुर. गुरुवार सुबह शिकायत पर जांच करने पहुंची टीम के सामने किसानों ने बताया कि उन्हें आज तक पांच रुपए में भोजन नहीं मिला। खाना मांगने पर कैंटीन संचालक नाश्ता होने की बात कहकर लौटा देता है। जांच के दौरान कैंटीन से तीन घरेलू गैस सिलेंडर और दो भट्टियां जब्त की गईं। किसानों की शिकायत पर एसडीएम के निर्देश से सहायक आपूर्ति अधिकारी, नायब तहसीलदार चैनसिंह और पटवारी पहुंचे। निरीक्षण में कैंटीन में भोजन के बजाय नाश्ता बिकता मिला। संचालक ने अधिकारियों के सामने योजना के तहत भोजन उपलब्ध कराने का दावा किया, लेकिन मौके पर मौजूद किसानों ने उसकी बातों को गलत बताया। किसानों का कहना था कि भोजन के लिए उन्हें मंडी से बाहर होटल जाना पड़ता है, जहां 100 से 200 रुपए तक खर्च होते हैं।
निरीक्षण के दौरान संचालक ने अधिकारियों को भोजन व्यवस्था दिखाने के लिए पांच किसानों के लिए पूड़ी-सब्जी बनाकर रखी थी। कुछ लोगों से पांच रुपए में भोजन मिलने की बात भी कहलवाने की कोशिश की गई। लेकिन जांच की जानकारी मिलने पर मंडी पहुंचे किसानों ने अधिकारियों के सामने वास्तविक स्थिति बताई। उनका कहना था कि कैंटीन में कभी भोजन बनते नहीं देखा और मांगने पर भी खाना नहीं मिलता।
डालूपुरा के भेरूसिंह चौहान, खुड़िया बेह के कन्हैयालाल और चितावलिया के विष्णु दांगी ने बताया कि वे कई बार उपज बेचने मंडी आए, लेकिन पांच रुपए में भोजन नहीं मिला। कैंटीन में 10 रुपए का पोहा और 10 रुपए की चाय मिलती है। भोजन के लिए बाहर जाना पड़ता है। एक किसान ने बताया कि वह 10 साल से मंडी आ रहा है, लेकिन आज तक योजना का भोजन नहीं मिला। सुबह उपज लेकर आने के बाद कई बार शाम तक रुकना पड़ता है। भोजन नहीं मिलने से परेशानी होती है। मंडी में हम्माली करने वाले मुकेश वर्मा ने भी कैंटीन में भोजन बनते नहीं देखने की बात कही।
किसानों के भोजन के लिए टेंडर के जरिए कैंटीन संचालित होने के बावजूद योजना का लाभ नहीं मिलना संचालक की कार्यप्रणाली के साथ मंडी प्रबंधन की निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है। किसानों ने पूछा कि लंबे समय से भोजन की जगह नाश्ता बिक रहा था तो मंडी सचिव ने निरीक्षण क्यों नहीं किया। कुछ लोगों ने मंडी प्रबंधन की जानकारी में ही यह व्यवस्था चलने के आरोप लगाए। हालांकि, मंडी सचिव का पक्ष सामने नहीं आया है। अब जांच में टेंडर की शर्तों और नियमित निरीक्षण की जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण होगी।
कैंटीन में घरेलू गैस सिलेंडर से नाश्ता बनाए जाने पर अधिकारियों ने तीन सिलेंडर और दो भट्टियां जब्त कीं। इसके बाद मंडी के बाहर संचालित होटलों की भी जांच की गई। वहां घरेलू गैस सिलेंडर से चाय-नाश्ता बनाया जा रहा था। अधिकारियों ने चार घरेलू गैस सिलेंडर और भट्टी जब्त कर संचालकों को व्यावसायिक उपयोग में घरेलू गैस नहीं लेने की हिदायत दी।
सहायक आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर कैंटीन की जांच की गई। घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। किसानों के बयान लेकर पंचनामा बनाया गया है। प्रकरण तैयार कर कलेक्टर कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।