
Independence Day 2021 भोपाल. देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य की जनता को अनेक सौगातें दीं. लाल परेड ग्राउंड पर ध्वजारोहण और परेड की सलामी लेने के बाद सीएम ने अपने संबोधन में अहम घोषणाएं कीं. इस मौके पर उन्होंने कोरोना की संभावित तीसरी लहर का डटकर मुकाबला करने की भी बात कही.
इसके लिए उन्होंने ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग करने और दिसंबर तक सभी का वैक्सीनेशन करने का संकल्प दोहराया. सीएम ने कहा कि कोरोना संक्रमण में कमी के बाद अर्थव्यवस्था धीरे-धीरे सुधर रही है. सीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार खासतौर पर महिलाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है. अब प्रदेश में बेटी के जन्म लेते ही उसके खाते में दो हजार रुपए जमा कर दिए जाएंगे।
महिला के नाम से प्रॉपर्टी खरीदने में स्टाम्प ड्यूटी सिर्फ 1% ही ली जाएगी। गैस त्रासदी में दिवंगतों परिवारों को राहत देने के लिए बहनों को पेंशन शुरू कर 1000 रुपए प्रतिमाह दिए गए.सीएम ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदेश में प्रतिमाह एक लाख लोगों को रोजगार देने का है। उन्होंने सुशासन को प्रदेश सरकार का प्रमुख सूत्र बताया.
सीएम ने कहा कि अब मध्यप्रदेश में 2 हजार मेगावाट बिजली बनाई जा रही है। सभी सरकारी भवनों को सौर ऊर्जा से रोशन करने पर काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ढाई लाख लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। अपने संबोधन में उन्होंने ओबीसी आरक्षण का भी जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस की कमलनाथ सरकार ने आरक्षण के नाम पर जनता से वस्तुत: धोखा किया।
स्वतंत्रता दिवस पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर में ध्वजारोहण किया। ग्वालियर में प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री तुलसीराम सिलावट ने ध्वजारोहण किया जबकि जबलपुर में पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने ध्वजारोहण किया.विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर मंत्रियों ने परेड का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी किया।