भोपाल

बर्फ जमने से धीमा हुआ शताब्दी के कोच का एसी, 500 किमी तक नहीं हुई सुनवाई

आगरा से चलने के बाद हर स्टेशन पर मांगी मदद, लेकिन रफ्तार नहीं पकड़ सका एसी, लिखित में की शिकायत

2 min read
May 20, 2019
Indian railway, complaint, service, latest news, train
बर्फ जमने से धीमा हुआ शताब्दी के कोच का एसी, 500 किमी तक नहीं हुई सुनवाई

भोपाल. नई दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस के एग्जीक्यूटिव कोच ई-2 में मथुरा से चढ़े यात्री भोपाल तक परेशान होते रहे। यात्रियों को लगा कि आगे एसी तेज हो जाएगा। आगरा स्टेशन छोडऩे के बाद भी कोच का एसी तेज नहीं हुआ, तब यात्रियों ने शिकायत करना शुरू की।

ट्रेन में मौजूद अधिकारियों को लिखित में शिकायतें की गईं, ग्वालियर, झांसी, बीना और उससे आगे की स्टेशन से मदद मांगी, लेकिन कहीं से मदद नहीं मिली। करीब 500 किलोमीटर तक यात्री गरमी में परेशान होते रहे। भोपाल और हबीबगंज स्टेशन पर उतरे यात्रियों ने भी इसकी शिकायत रेलवे के अधिकारियों से की है। इस दौरान स्टेशन पर हंगामा भी हुआ है।

दरअसल कोच के एसी में बर्फ जमने से उसकी कूलिंग कम हो गई थी। भोपाल स्टेशन पर उसे दुरुस्त करने के बाद रवाना किया है। मथुरा से टे्रन में चढ़े भोपाल निवासी आशीष बरगले सीबीआई के वकील हैं। मथुरा से भोपाल आने के लिए उन्होंने एग्जीक्यूटिव क्लास में रिजर्वेशन कराया था। आशीष का कहना है कि मथुरा से ही कोच में गर्मी का अहसास हो रहा था, उस समय लगा कि अभी एसी हल्का है, आगे तेज हो जाएगा।

आगरा स्टेशन छोडऩे के बाद भी एसी स्लो रहा, कोच में गरमी का अहसास होने पर शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कोच फुल था, उसमें बच्चे महिलाएं और बुजुर्ग भी थे। सब परेशान होते रहे, लेकिन किसी ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। यहां तक की टेक्नीशियन स्टाफ भी कोच में एसी की रफ्तार नहीं बढ़ा सका।

फुल चल रही है ट्रेन

गर्मी के दिनों में शताब्दी एक्सप्रेस लगभग फुल चल रही है। कोच में एसी न चलने की स्थिति में कोच में उमस बढ़ जाती है। ई-2 कोच में भी उमस के मारे यात्री परेशान होते रहे। एक अन्य यात्री महेंद्र ने बताया कि बार-बार स्लाइड का गेट खोलना पड़ रहा था ताकि सफोगेशन कम हो सके।

शताब्दी के ई-2 कोच के एसी में बर्फ जमने के कारण उसकी कूलिंग कम हो गई थी, आगरा से ही परेशानी थी। भोपाल में समस्या दूर कर ट्रेन को रवाना किया गया है।
आइए सिद्दिकी, पीआरओ, रेलवे

... इधर गोंडवाना एक्सप्रेस में भी एसी फेल, हंगामा

भुसावल से निजामुद्दीन की जाने वाली गोंडवाना एक्सप्रेस के बी-2 कोच का एसी भुसावल से ही नहीं चल रहा था। यात्रियों को ये बताया जाता रहा कि अगले स्टेशन पर एसी ठीक हो जाएगा। नागपुर में भी किसी अधिकारी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। ट्रेन भोपाल पहुंची तो यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। एक घंटा 44 मिनट की देरी से चल रही ट्रेन करीब 34 मिनट यहीं खड़ी रही। स्टेशन प्रबंधक ने टेक्नीशियन को बुलाकर एसी को ऑन कराया और कोच में टेक्नीशियन को विदिशा तक भेजा।

पीछे से मिल रहे थे मैसेज, पर ध्यान किसी ने नहीं दिया

भुसावल के बाद ट्रेन एक दर्जन से ज्यादा स्टेशनों से गुजरी। शिकायत के मैसेज सभी के पास पहुंचे, लेकिन कोच में टेक्नीशियन नहीं भेजा गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर निहाल सिंह का कहना है कि उन्हें होशंगाबाद से मैसेज मिला था कि ट्रेन की एसी खराब है। इसके बाद अमले को ट्रेन पर रवाना किया गया है। करीब 34 मिनट ट्रेन डिले हुई है।

Published on:
20 May 2019 09:43 am