भोपाल

RED Alert in MP: गर्मी के सारे रिकॉर्ड तालाबों के शहर भोपाल ने तोड़े, जानिये मानसून का हाल…

राजधानी भोपाल बना 5वां सबसे गर्म शहर...
3 min read
Jun 08, 2019
UF GARMI
RED Alert in MP: गर्मी के सारे रिकॉर्ड तालाबों के शहर भोपाल ने तोड़े, जानिये मानसून का हाल...

भोपाल। मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में देरी से आ रहे मानसून के बीच एक बार फिर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं शुक्रवार को जहां प्रदेश में सर्वाधिक तापमान होशंगाबाद में रहा यहां 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।


मानसून में हुई देरी से जहां आम आदमी परेशानी महसूस कर रहा है। वहीं जानकारों के अनुसार इससे अर्थव्यवस्था पर भी निगेटिव असर पड़ेगा।


दरअसल जानकारों के अनुसार मानसून का सीधा असर ग्रामीण आबादी पर पड़ता है। मानसून सामान्य और अच्छा रहने से ग्रामीण इलाकों में लोगों की आय बढ़ती है, जिससे मांग में भी तेजी आती है। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में आय बढ़ने से इंडस्ट्री को भी फायदा मिलता है।

राजधानी भोपाल 5वां सबसे गर्म शहर...
शुक्रवार को गर्म शहरो के मामले में होशंगाबाद के पहले नंबर में रहने के बाद खजूराहो में 46.4 डिग्री और खरगौन व रायसेन में भी इस दिन क्रमश: 46.2 व 46 डिग्री रहा।

जबकि इस दिन प्रदेश के 5वें नंबर पर सबसे गर्म प्रदेश की राजधानी भोपाल रही, जहां तापमान सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 45.9 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं इससे पहले गुरुवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान नौगांव व होशंगाबाद में 48 डिग्री दर्ज किया गया था।

मौसम विभाग का अलर्ट: Weather alert ...

मौसम विभाग ने प्रदेश के छतरपुर व खरगौन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

जबकि राजधानी भोपाल सहित जबलपुर,ग्वालियर,रायसेन,राजगढ़, भिंड, मुरैना,विदिशा,सीहोर, छिंदवाड़ा,अशोकनगर,श्योपुर, उमरिया, मंडला,दमोह, टीकमगढ़, होशंगाबाद,शजापुर, उज्जैन, आगर,खंडवा,गुना, शिवपुरी,दतिया के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि ग्वालियर,छतरपुर,दमोह, होशंगाबाद व दतिया जिलों में तीव्र लू का प्रभाव रह सकता है।

इसके अलावा मौसम विभाग की ओर से सावधानियां भी जारी की गईं है। जिसके अनुसार सूर्य की किरणों से सीधे संपर्क में आने से बचें।
हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। अपने सिर को कपड़े या टोपी से ढ़ककर रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।


कब आएगा मानसून...
इन दिनों मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में चर्चा है कि आखिर मानसून कब आएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में मानसून के केरल पहुंचने की संभावना है।

बता दें कि इससे पहले बुधवार को 'स्काईमेट' के वरिष्ठ वैज्ञानिक समर चौधरी ने भी बताया था कि अगले 48 घंटों के भीतर केरल में मानसून पहुंच सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया था कि इस साल मानसून कमजोर रहेगा। अल नीनो और ग्लोबल वॉर्मिग की वजह से इस साल मानसून कमजोर रहने की उम्मीद जताई गई थी।

वहीं, मौसम विभाग ने नागालैंड, छत्तीसगढ़, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, मेघालय और केरल में अगले 72 घंटे के दौरान भारी बारिश का अनुमान लगाया है। साथ ही, उत्तर भारत के कई इलाकों में चल रही गर्म हवाओं (लू) से भी अगले कुछ दिनों में राहत मिलने की उम्मीद जताई है।

केरल में रेड एलर्ट...
मौसम विभाग कि जल्द केरल में मानसून पहुंचने की सूचना के बाद राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य के कई हिस्सों में अलर्ट जारी कर दिया है।


केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण(KSDMA) ने 10 जून को त्रिशूर और 11 जून को एर्नाकुलम, मलप्पुरम और कोझिकोड के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

ज्ञात हो कि गत वर्ष भी केरल केे कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया गया था। 2018 में केरल सदी के सबसे भीषण बाढ़ की चपेट में आ गया था। इस आपदा में ना जाने कितने लोगों ने अपनी जान गंवा दी और कितने लोग बेघर हो गए थे।

दिल्ली-NCR को भी जल्द राहत मिलने के आसार...
बताया गया कि दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मानसून पहुंचने की सामान्य तिथियां जून के आखिरी हफ्ते में पड़ती हैं। लेकिन इस बार यह करीब 10-15 दिन की देरी से यहां पहुंचेगा। वैज्ञानिक के अनुसार, उम्मीद है कि मानसून की बारिश करीब 93 प्रतिशत रहेगी जो औसत से कम है।

मध्य प्रदेश,राजस्थान और विदर्भ में बढ़ेगी गर्मी
गुरुवार को मौसम विभाग ने जानकारी दी थी कि आने वाले 3 से 4 दिनों में राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ में गर्मी की स्थिति और भी गंभीर होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, तापमान 50 के पार जाने की संभावनाएं है।

Updated on:
08 Jun 2019 10:34 am
Published on:
08 Jun 2019 07:12 am