
Bhopal News : इन दिनों आमतौर पर लोगों को हो रही सर्दी में खांसी, बुखार और बदन दर्द की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, अगर ये समस्या लंबे समय जारी है तो इसे सामान्य समझना पीड़ित शख्स को भारी भी पड़ सकता है। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि ये अलर्ट मध्य प्रदेश की राजधानी में स्थित एम्स भोपाल की ओर से जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि, शहर में इन्फ्लुएंजा का ये संक्रमण तेजी से फैल रहा है, जो फेफड़ों तक पहुंचकर निमोनिया और सांस लेने में गंभीर परेशानी पैदा कर सकता है।
एम्स भोपाल ने खासतौर पर शहरवासियों को इसके लिए सतर्क रहने, हर साल फ्लू का टीका लगवाने और शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करने की विशेष सलाह दी है। इन्फ्लूएंजा और दूसरे सांस के वायरस तेजी से फैल सकते हैं। अचानक बुखार, कंपकंपी, सिरदर्द, बदन दर्द, गले में खराश, खांसी और अत्यधिक थकान इसके प्रमुख लक्षण हैं।
बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धूम्रपान करने वालों को विशेष सावधानी की जरूरत है। दमा, सीओपीडी (फेफड़ों की पुरानी बीमारी), मधुमेह, हृदय रोग और कमजोर रोग-प्रतिरोधक क्षमता वाले मरीजों में संक्रमण गंभीर हो सकता है।
हर साल इन्फ्लूएंजा का टीका लगवाना गंभीर संक्रमण से बचाव का प्रभावी उपाय है। उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार निमोनिया का टीका भी लगवाने पर विचार करें। भीड़भाड़ और कम हवादार जगहों पर मास्क पहनें। हाथ धोएं, खांसते-छींकते समय मुंह ढकें और घर में हवा की आवाजाही बनाए रखें। धूम्रपान और घर के भीतर के प्रदूषण से दूर रहें।
लगातार तेज बुखार, सांस फूलना, सीने में दर्द, भ्रम या होंठ नीले पडऩा गंभीर संकेत हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। वायरल संक्रमण में एंटीबायोटिक काम नहीं करतीं। इन्हें डॉक्टर की सलाह पर ही लें।