भोपाल

5 स्टार होटल के मालिक नादिर ने क्यों की आत्महत्या, सामने आई बड़ी वजह

Jahannuma Hotel owner Nadir Rashid suicide case Bhopal
2 min read
• •
Updated: 27 Mar 2024, 2:38 PM IST
nadir_1.png
अपने घर में खुद को गोली मार ली

Jahannuma Hotel owner Nadir Rashid suicide case Bhopal - भोपाल में 5 स्टार होटल जहांनुमा के मालिक नादिर रशीद ने आत्महत्या कर ली है। उन्होंने सुबह अपने घर में खुद को गोली मार ली। पति की मौत के बाद पत्नी सोनिया बिब्बो की तबियत बिगड़ गई। परिजनों ने कई घंटों के बाद पुलिस को इस वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस नादिर रशीद के घर पहुंची।

नादिर रशीद खान ने बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपने निवास पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। नादिर ने घर के बाथरूम में जाकर अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारी। पुलिस को घर में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। हाईप्रोफाइल मामला होने से पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है हालांकि सूत्र बताते हैं कि हत्या की वजह कुछ हद तक साफ हो गई है।

बताया जा रहा है कि नादिर कई माह से डिप्रेशन में थे। करीब 6 माह से इलाज चलने के बाद भी उन्हें कोई खास लाभ नहीं हुआ था। पारिवारिक कलह के कारण के वे डिप्रेशन में थे और इसी वजह से आखिरकार उन्होंने खुद को खत्म कर लिया।

नादिर रशीद, भोपाल के नवाब खानदान से ताल्लुक रखते थे। वे भोपाल की बेगम सुरैय्या के बेटे थे। वे परिवार के साथ श्यामला हिल्स में बाल भवन विद्यालय के पास रहते थे। उनके दो बेटे— अली और जफर हैं जोकि पुश्तैनी कारोबार संभालते हैं।

सैकड़ों लोग एकत्रित हुए
नादिर की मौत के बाद पत्नी सोनिया बिब्बो की तबियत खराब हो गई है। नवाब खानदान की महिलाओं को बिब्बो कहा जाता है। सोनिया बिब्बो के पारिवारिक डाक्टर ने उन्हें कुछ दवाइयां दी हैं। नादिर खान की आत्महत्या के बाद उनके निवास पर सैकड़ों लोग एकत्रित हो गए।

पुलिस अभी भी नादिर के निवास पर ही है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर हैं। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि नादिर रशीद ने खुद को गोली मारी है। कोई सुसाइड नोट अभी तक बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Published on: