
भोपाल. देश में मंदी की बात की जा रही है। कहा जा रहा है कि देश आर्थिक मंदी के दौर में है। इन सबसे बीच मध्यप्रदेश में मंदी को लेकर भी सियासत तेज हो गई है। कमल नाथ सरकार के मंत्री जयवर्धन सिंह मंदी के लिए नोटबंदी और जीएसटी को दोषी नहीं मानते हैं। वहीं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अपने बेटे जयवर्धन सिंह की बात का समर्थन किया है। उन्होंने जयवर्धन के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए लिखा- 'गुड वन जेवी।' दरअसल, आप इसे समझ रहे होंगे की जयवर्धन सिंह ने मोदी सरकार का समर्थन किया है। जबकि इस बयान के पीछे की सच्चाई साध्वी प्रज्ञा का बयान है और जयवर्धन सिंह ने एक व्यंगात्मक टिप्पणी कते हुए साध्वी प्रज्ञा और भाजपा पर निशाना साधा है।
क्या कहा जयवर्धन ने
जयवर्धन सिंह, मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के बेटे हैं और कमलनाथ कैबिनेट में नगरीय प्रशासन मंत्री हैं। जयवर्धन सिंह ने साध्वी के 'मारक शक्ति' वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए ट्वीट किया- गिरती हुई अर्थव्यवस्था के लिए नोटबंदी और जीएसटी को दोष देना गलत है। वो नींबू और मिर्ची बांधना भूल गए है। ये सब जादू और टोने का असर है। जयवर्धन सिंह के इस ट्वीट को उनके पिता दिग्विजय सिंह ने रिट्वीट करते हुए जयवर्धन की व्यंगात्मक टिप्पणी की तारीफ की है।
साध्वी के बयान पर क्या बोले दिग्विजय
वहीं, मंगलवार को मीडिया से चर्चा करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा- साध्वी के इस बयान पर मतदाता अपनी प्रतिक्रिया दें। मंदी की मार पर दिग्विजय ने कहा- दस हजार लोगों की नौकरियां जाने वाली हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लोगों को सपने दिखा रहे हैं।
क्या कहा था साध्वी प्रज्ञा ने
राजधानी भोपाल में भाजपा के दिवंगत नेता बाबूलाल गौर और अरुण जेटली के लिए आयोजित श्रद्धांजलि सभा में साध्वी प्रज्ञा ने विपक्ष पर बड़ा आरोप लगाया था। साध्वी प्रज्ञा ने बीजेपी नेताओं के निधन पर कहा था कि विपक्ष ने इसके लिए मारक शक्ति का प्रयोग किया है। बता दें कि मारक शक्ति का मतलब होता है तंत्र-मंत्र।