भोपाल

दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह एमपी के भावी मुख्यमंत्री! भोपाल की गलियों में लगे पोस्टर

जयवर्धन सिंह ने कहा- ये पोस्टर कांग्रेस ने नहीं भाजपा के लोगों ने लगाया है।
2 min read
• •
Updated: 11 Jul 2020, 11:40 AM IST
दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह एमपी के भावी मुख्यमंत्री! भोपाल की गलियों में लगे पोस्टर
दिग्विजय के बेटे जयवर्धन सिंह एमपी के भावी मुख्यमंत्री! भोपाल की गलियों में लगे पोस्टर

भोपाल. मानसून के सीजन में मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के कई जिलों को अभी भी बारिश का इंतजार है लेकिन राजधानी भोपाल में लगातार राजनीतिक बयानबाजी की बौछार हो रही है। राजधानी भोपाल में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ( Digvijaya Singh ) के बेटे जयवर्धन सिंह ( Jaivardhan Singh ) के पोस्टर इन दिनों चर्चा का विषय बने हुए हैं। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह को पोस्टर में मध्यप्रदेश का भावी मुख्यमंत्री बताया गया है। इस पोस्टर को लेकर अब सियासत तेज हो गई है।

क्या लिखा है पोस्टर में
9 जुलाई को कांग्रेस नेता और मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह का जन्मदिन था। जन्मदिन के मौके पर भोपाल में पोस्टर लगाए गए थे। इस पोस्टर में लिखा है- मध्यप्रदेश के 'भावी मुख्यमंत्री' जयरवर्धन सिंह को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। पोस्टर में निवेदन के स्थान पर यूथ कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल लिखा हुआ है।

जयवर्धन ने कहा- भाजपा ने लगाए पोस्टर
पोस्टर पर सियासी संग्राम तेज हो गया है। जयवर्धन सिंह ने कहा- ये पोस्टर कांग्रेस ने नहीं भाजपा के लोगों ने लगाया है। कमल नाथ जी इस प्रदेश के मुख्य मंत्री थे और तीन महीने बाद वापिस बनेंगे। अभी सत्ता के लालच का युद्ध जो भाजपा में चल रहा है उससे ध्यान भटकाने का प्रयास है। इस षड्यंत्र के ख़िलाफ़ मैं FIR दर्ज करवा रहा हूं।

पुलिस उप महानिरीक्षक को लिखा पत्र
जयवर्धन सिंह ने पुलिस उप महानिरीक्षक भोपाल को एक पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा कि- मुझे सोशल मीडिया के माध्यम से पता चला है कि भोपाल के कुछ स्थानों पर शरारती तत्वों ने मेरे नाम का उल्लेख करते हुए एक फ्लेक्स होर्डिंग लगाया और मेरी राजनीतिक छवि को धूमिक करने का प्रयास किया। यह एक आपराधिक षड्यंत्र है। इस मामले की जांच की जाए। जयवर्धन सिंह ने अपने लेटर में भाजपा नेता कृष्णा घाडगे पर आरोप लगाया है। उन्होंने कृष्णा घाडगे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा नेता का तंज
भाजपा नेता विजय लूनावत ने इस पोस्टर को ट्वीट करते हुए जयवर्धन सिंह को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने लिखा- ये लो कमलनाथ जी राज्यसभा का रिटर्न गिफ्ट दिग्गी राजा के सौजन्य से। भोपाल की सड़कों पर भावी मुख्यमंत्री जयवर्धन सिंह को जन्मदिन की बधाई के पोस्टर।

दिग्विजय सिंह ने भी साधा निशाना
दिग्विजय सिंह ने कहा- भाजपा व संघ सामने से लड़ाई नहीं लड़ती। हमेशा छुप कर वार करती है। सामने से लड़ाई लड़ने के लिए साहस होना चाहिए। मैं उनके इस कृत्य की निंदा करता हूँ। पिछले 40 सालों से मेरे और कमलनाथ जी के बीच में ग़लतफ़हमी पैदा करने का प्रयास लोग करते आ रहे हैं लेकिन वे ना सफल हुए ना वे होंगे।

Published on: