MP News: पटवारी ने आरोप लगाया कि BJP के इशारे पर गुरूवार रात विधानसभा सचिवालय खुलवाया गया और राजेंद्र भारती की सदस्यता को रद्द करने का काम किया गया।
MP News: मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी (Jitu Patwari) ने शुक्रवार को दतिया विधानसभा सीट के विधायक राजेंद्र भारती (Rajendra Bharti) की सदस्यता रद्द होने को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। प्रदेश में इस मामले को लेकर सियासत गर्म है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीतू पटवारी ने दावा किया कि राजेंद्र भारती और मुकेश मल्होत्रा फिर विधायक बनेंगे। मीडिया से चर्चा करते हुए पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा (BJP) के इशारे पर गुरूवार रात 10.30 बजे विधानसभा सचिवालय खुलवाया गया और राजेंद्र भारती की सदस्यता को रद्द करने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले के 10 घंटे के अंदर उनकी सदस्यता करने का काम किया गया। पटवारी के साथ भांडेर विधायक फूल सिंह बैरया भी प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद थे।
मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कोर्ट ने राजेंद्र भारती को बड़ी कोर्ट में अपील करने का समय अपने निर्देश में दिया था। इस निर्देश में किसी भी प्रकार से सदस्यता रद्द करने की बात नहीं है। हां ये जरूर है कि उन्हें सजा मिली है। पटवारी ने आगे कहा कि जब कोर्ट ने उन्हें बड़ी कोर्ट में जाने का समय दिया है इसका मतलब ये है कि अभी इनकी सदस्यता समाप्त नहीं की जा सकती। पटवारी ने इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर पर निशाना साधा। विस अध्यक्ष तोमर पर उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष तोमर जी का दायित्व विधायकों की रक्षा करने का नहीं है बल्की भाजपा की रक्षा करने का है।
जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगे भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा के इशारे पर कल रात में विधानसभा खोली गई और राजेंद्र भारती की सदयस्ता को निरस्त किया गया। पटवारी ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को भीतर से खोखला करने वाला कैंसर बन गई है।
एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष ने आगे कहा कि मैं याद दिलाना चाहता हूं कि नरोत्तम मिश्रा पर इसी कोर्ट में एक मामला लंबित लेकिन इसके बावजूद वो 2 चुनाव लड़े और तीसरे बार हार गए। वहीं निर्मला सप्रे का भी मामला विधानसभा में पेंडिंग है लेकिन इन दोनों मामलों को विधानसभा अध्यक्ष लगातार लंबित कर रहे है।
पटवारी ने पीसी के दौरान गेहू खरीदी और किसानों के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने प्रदेश सरकार पर किसानों अनदेखा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार साल 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप मना रही है लेकिन दूसरी तरफ उनका शोषण हो रहा है। पटवारी ने दावा किया कि 2026 में जरुरत से कम बारदानों का इंतजाम किया गया है। ये सरकार की लापरवाही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युद्ध का बहाना बनाकर अपनी गलती छिपाने का काम कर रही हैं। पटवारी ने ऐलान किया कि वे किसानों को मुद्दे को लेकर भोपाल में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले का घेराव करेंगे। यही नहीं सभी मंडियों में भी आंदोलन किया जाएगा।