
Jitu Patwari : मध्यप्रदेश में शराब के अवैध कारोबार का मुद्दा ठंडा नहीं हो रहा। शराब तस्करी रोकने गए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की एक नवंबर को ट्रक से कुचलकर हत्या के मामले में आरोपी मोहिन जायसवाल की अहमदाबाद के अस्पताल में ब्रेन स्ट्रोक से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह दो दिन से अस्पताल में भर्ती था। इससे अब गुजरात सिंडिकेट की कडिय़ों को जोडऩे में पुलिस के सामने चुनौती खड़ी हो सकती है। इधर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने शराब तस्करी के मामले में फैक्ट्रियों, वेयरहाउस मालिकों को जांच के दायरे से छोड़ने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल ड्राइवर, क्लीनर पर ही कार्रवाई कर रही है।
पुलिस ने देवास शराब सिंडिकेट की मुख्य कड़ी मनीष जायसवाल को गुजरात से अरेस्ट कर रिमांड पर लिया है। वह टिमरनी (हरदा) की शराब दुकानों में 30 प्रतिशत का साझेदार था। एक अन्य 30 प्रतिशत का साझेदार और पूर्व यूथ कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल पहले ही अरेस्ट हो चुका है, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। इसी सिंडिकेट के तीसरे 30 प्रतिशत का साझेदार आरोपी मोहिन जायसवाल था। उसकी अहमदाबाद मौत हो गई है।
शराब कांड में आरोपी राहुल जायसवाल के कारण घिरी कांग्रेस ने अब बीजेपी सरकार को घेरा है। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को कहा कि मध्यप्रदेश में शराब माफिया इतना ताकतवर हो गया है कि सरकार की आबकारी मशीनरी उसके सामने बेबस नजर आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर ढेरों सवाल उठ रहे हैं लेकिन सरकार चुप है।
जीतू पटवारी ने कहा है कि गुजरात से लगे बड़वानी, झाबुआ, धार में शराब तस्करी के 163 मामले दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई का दायरा ड्राइवर, क्लीनर तक सीमित रहा। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब बनाने वाली फैक्ट्रियां, वेयरहाउस के मालिक और तस्करी का पूरा नेटवर्क जांच से बाहर क्यों है? कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि शराब की बोतल ढोने वाले ड्राइवर-क्लीनर तो पकड़ में आ जाते हैं, लेकिन शराब बनाने वाले कारखानों के मालिक और तस्करी के असली सरगना खुलकर मनमानी करते रहते हैं।